आमिर खान ने फोगाट बहनों की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘दंगल’ में गीता का किरदार निभाने वाली सह-कलाकार जायरा वसीम का समर्थन किया है. मंगलवार को उन्होंने कहा कि जायरा की आलोचना करने वालों को उसे अकेला छोड़ देना चाहिए. आमिर खान ने आगे कहा कि जायरा अभी केवल 16 साल की है और अपने जीवन में अच्छा करने की कोशिश कर रही है.

मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से मुलाकात को लेकर जायरा के माफी मांगने पर आमिर खान ने कहा, ‘मैं समझ सकता हूं कि आपने क्या सोचकर माफी मांगी होगी. जायरा, मैं आपको बताना चाहता हूं कि हम सब आपके साथ हैं. आप जैसी युवा, साहसी और प्रतिभाशाली बच्चों की खूबसूरती यह है कि आप देश की ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के बच्चों के लिए रोल मॉडल हैं. आप निश्चित तौर पर मेरे लिए रोल मॉडल हैं.’

कश्मीर घाटी से ताल्लुक रखने वालीं जायरा वसीम को जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से मुलाकात करने की वजह से सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा था. इसके बाद जायरा ने सोमवार को सोशल मीडिया पर खुला खत लिखकर इस मुलाकात के लिए माफी मांग ली थी. घाटी में जारी तनाव का जिक्र करते हुए जायरा ने लिखा था, ‘मैं उन सभी लोगों से माफी मांगती हूं, जिन्हें मैंने अनजाने में चोट पहुंचाई है. मैं बीते छह महीने में कश्मीर में जो कुछ हुआ है, उसको लेकर मैं लोगों की भावनाएं समझ सकती हूं.’ खुद को ‘कश्मीरी रोल मॉडल’ कहे जाने पर जायरा ने लिखा था कि वे किसी के लिए रोल मॉडल नहीं है. हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी पोस्ट को हटा लिया था.