मध्य प्रदेश में भोपाल से उज्जैन जा रही पैसेंजर ट्रेन में विस्फोट होने की खबर है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक मंगलवार सुबह जबड़ी स्टेशन के पास जनरल कोच में हुए इस धमाके में कम से कम नौ लोग घायल हो गए. रेलवे की भोपाल डिवीजन के जनसंपर्क अधिकारी आईए सिद्दीकी ने बताया है कि सभी घायलों को कालापीपल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके अलावा उनकी देखभाल के लिए भोपाल से भी एक मेडिकल टीम को रवाना किया गया है.

राज्य के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने भी नौ लोगों के घायल होने और दो घायलों की हालत गंभीर होने की जानकारी दी है. इसकी जांच का आदेश देते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआती रिपोर्टों में घटनास्थल से गनपाउडर जैसी गंध की बात सामने आई है. मीडिया में आई कुछ खबरों में शॉर्ट सर्किट को धमाके की वजह बताया गया है. हालांकि, असली वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के बाद घबराहट में कुछ यात्री ट्रेन से कूद गए, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं. कुछ लोगों का यह भी कहना था कि यह विस्फोट किसी मोबाइल की बैट्री फटने से हुआ है, क्योंकि धमाके वाली जगह पर लोग अपना मोबाइल चार्ज कर रहे थे. फिलहाल, जांच टीम मौके पर पहुंच चुकी है और संबंधित दो बोगियों को अलग करके ट्रेन को घटनास्थल से रवाना किया जा चुका है.