‘केरल ‘ईश्वर का अपना देश’ होने की जगह अब ‘ईश्वर द्वारा छोड़ा गया देश’ बन गया है.’

— मीनाक्षी लेखी, भाजपा सांसद

मीनाक्षी लेखी ने यह बात केरल में राजनीतिक हिंसा की घटनाओं पर कही. इसका शिकार बने भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं का नाम गिनाते हुए उन्होंने कहा, ‘ये नाम किसी को सुनाई नहीं देंगे, लेकिन जैसे मैं टीलू पहलवान और अखलाक का नाम लूंगी, सबको सुनाई दे जाएगा.’ मीनाक्षी लेखी ने आगे कहा कि केरल की समस्या केवल आरएसएस या भाजपा का मुद्दा नहीं है, बल्कि दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं को भी मारा गया है लेकिन वे चुप रहते हैं. केरल में दलितों पर हमले का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने पूछा कि वाम दलों के पोलित ब्यूरो में कोई दलित क्यों नहीं है.

‘प्रधानमंत्री मोदी और आरएसएस पूरे देश को निर्देशित करना चाहते हैं.’

— राहुल गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष

राहुल गांधी का यह बयान कांग्रेस और भाजपा के वैचारिक अंतर को स्पष्ट करते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस लोगों की आवाज को सुनकर कोई कदम उठाती है, जबकि वे (भाजपा) ऐसा नहीं करते.’ राहुल गांधी ने आगे कहा कि राजनीतिक को ऊपर से थोपा जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस असंगठित क्षेत्रों, पेशेवरों और सामाजिक आंदोलनों के ‘मन की बात’ सुनना चाहती है और राजनीति में इसे लागू करना चाहती है. कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पार्टी में पेशेवरों और असंगठित क्षेत्र के लिए एक नया विंग बनाने की बात भी कही.


‘सीबीएफसी का काम फिल्मों को सेंसर करना नहीं बल्कि उसे ग्रेड देना है.’

— आमिर खान, अभिनेता

आमिर खान का यह बयान केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से जुड़े विवादों पर आया. उन्होंने कहा, ‘सीबीएफसी की ग्रेडिंग यह स्पष्ट करने के लिए होती है कि किसी फिल्म को किस आयु के लोग देखें, यही बात श्याम बेनेगल समिति ने कही है.’ अपनी अगली फिल्म ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ का ट्रेलर जारी होने के मौके पर आमिर खान ने कहा, ‘मैं नहीं समझता कि आज के समय में सेंसरशिप के लिए कोई जगह है.’ पहलाज निहलानी के सीबीएफसी अध्यक्ष बनने के बाद फिल्मों के प्रमाणन से जुड़े कई विवाद सामने आए हैं.


‘भाजपा चाहती है कि सब उसमें मिल जाएं और विपक्ष में कोई न रहे.’

— कपिल सिब्बल, कांग्रेस नेता और पूर्व कानून मंत्री

कपिल सिब्बल का यह बयान कर्नाटक सरकार में मंत्री डीके शिवकुमार के रिजॉर्ट पर आयकर विभाग की छापेमारी पर आया जहां गुजरात कांग्रेस के 44 विधायक ठहरे हुए हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष को खत्म करने की भाजपा की कोशिशें सफल नहीं होने देगी. इस मामले को लोक सभा में उठाते हुए कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा गुजरात में राज्य सभा की एक सीट जीतने के लिए ये सारे हथकंडे अपना रही है. उधर, वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि इस छापामारी को गुजरात के राज्य सभा चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए.


‘आजादी के बाद गांधी जी ने कहा था कि कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए, खैर अब यह काम कोई और गांधी कर रहा है.’

— अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का यह बयान नाम लिए बगैर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज करते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘जब भी कांग्रेस की सरकार आती है तो देश का ग्रोथ रेट नीचे चला जाता है, लेकिन भाजपा की सरकार आने पर ग्रोथ रेट ऊपर हो जाता है.’ अमित शाह ने आगे कहा कि भाजपा ने देश को परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति से मुक्त करने का काम किया है. पिछले कई चुनावों में कांग्रेस के लचर प्रदर्शन की वजह से राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठ रहे हैं.


‘हम उत्तर कोरिया के साथ बातचीत करना पसंद करेंगे.’

— रेक्स टिलरसन, अमेरिका के विदेश मंत्री

रेक्स टिलरसन का यह बयान उत्तर कोरिया को लेकर जारी तनाव पर आया. उन्होंने कहा, ‘हम उत्तर कोरिया में न तो सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, न ही कोरिया प्रायद्वीप के दोनों हिस्सों को मिलाने के लिए वहां सेना भेजने वाले हैं.’ उत्तर कोरिया को संबोधित करते हुए रेक्स टिलरसन ने कहा, ‘हम आपके दुश्मन नहीं हैं, आपके लिए खतरा भी नहीं है. लेकिन आप हमारे लिए अप्रत्याशित खतरा पैदा कर रहे हैं, जिसका हमें जवाब देना पड़ेगा.’ उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर कोरिया से निपटने के अमेरिका के सामने मौजूद दूसरे विकल्प बहुत अच्छे नहीं हैं.