चीन के सिनेमाघरों में सरकारी पाबंदी के चलते सालभर में केवल 34 अंतरराष्ट्रीय फिल्में रिलीज हो सकती हैं. इनमें से भी ज्यादातर हॉलीवुड की होती हैं और ‘फास्ट एंड द फ्यूरियस’, ‘ट्रांसफॉर्मर्स’ व ‘पायरेट्स ऑफ द केरेबियन’ जैसी इन घिसी-पिटी कहानियों वाली फ्रैंचाइजी फिल्मों में फैंटेसी, मार-धाड़, रफ्तार और नयनाभिराम स्पेशल इफेक्ट्स की ही भरमार होती है. इनके अलावा वहां के 40,000 सिनेमाघरों को हमेशा चाइनीज फिल्में दिखानी पड़ती हैं, जिनके हाल हाल-फिलहाल में बेहद खराब चल रहे हैं.
खुद चीनी जनता बरसों से अपनी स्पेशल इफेक्ट्स युक्त एक जैसी एक्शन फिल्मों और युवा प्रेमियों की प्रेम-कथाएं देख-देखकर अघा चुकी है. हांगकांग और ताइवान में बनने वाली चीनी भाषी फिल्मों की बिलकुल बात न करते हुए अगर सिर्फ चीन के सिनेमा पर नजर डालें, और कुछ अपवादों को छोड़ दें, तो 2000 में आई आंग ली की ‘क्राउचिंग टाइगर हिडन ड्रैगन’ और 2002 में आई ‘हीरो’ के बाद शायद ही ऐसी कोई कमाल फिल्म चीन में बनी है जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व ख्याति पाई हो. मौजूदा समय में करोड़ों की सरकारी सहायता के बावजूद, बीजिंग द्वारा नियंत्रित चीनी फिल्म इंडस्ट्री अच्छी कहानियों की कमी से सबसे ज्यादा जूझ रही है.
यही वो सबसे बड़ी वजह है, जिसके चलते पहले आमिर खान अभिनीत ‘दंगल’ ने चीन में अभूतपूर्व सफलता हासिल की और अब आमिर खान निर्मित ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है.
‘दंगल’ की प्रेरणादायक रियलिस्टिक ‘कहानी’ और उसके अंदर रचे-बसे बेमिसाल जमीनी ‘ड्रामा’ से चीनी दर्शक इस कदर अभिभूत हुए कि अपनी भाषा मैंडरिन में डब न होने के बावजूद उन्होंने सिर्फ चाइनीज सबटाइटल्स के साथ हिंदी में इसे इतना ज्यादा देखा कि यह चीन के इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पहली गैर-हॉलीवुड फिल्म बन गई. अकेले चीन में ही ‘दंगल’ ने 1,100 करोड़ रुपए से ऊपर की कमाई की और रिलीज होने के बाद लगातार दो महीनों तक थियेटरों में अविश्वसनीय भीड़ जुटाई. चीन में हुए इस व्यवसास के दम पर ही ‘दंगल’, दुनियाभर से 2,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की धन-राशि कमा पाई और ‘बाहुबली 2’ को पछाड़कर सबसे सफल हिंदुस्तानी फिल्म होने का रुतबा हासिल किया.
अब ‘दंगल’ नाम के इसी तूफान का अनुसरण आमिर खान की स्पेशल अपीयरेंस वाली छोटी-सी एक बच्ची की मुख्य कहानी कहती ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ कर रही है. हिंदुस्तान में जो फिल्म अच्छे मिले रिव्यूज के बावजूद अक्टूबर 2017 में रिलीज होने के बाद कुल जमा 62 करोड़ नेट कमा सकी थी उसने चीन में रिलीज के शुरुआती चार दिनों में ही 200 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया है. दूसरे हफ्ते की शुरुआत में ही इसके 300 करोड़ का आंकड़ा छू लेने की उम्मीद है और यह साफ हो चुका है कि फिल्म का इमोशनल कंटेंट ‘दंगल’ की ही तरह चीनी जनता के दिलों को छू चुका है.
ऐसे में उस देश को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, जिसने दो हिंदी फिल्मों की वैश्विक कमाई में 50% से ज्यादा का योगदान दिया है. चीन में ‘दंगल’ और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ की चौंकाने वाली सफलता कई दिलचस्प सवालों का सबब बन रही है जिनके जवाब भविष्य में तो मिलेंगे ही, हम भी उन्हें इस लेख में खोजने की कोशिश करेंगे.
जैसे कि, क्या सच में आने वाली हिंदी फिल्मों के लिए चीन संभावनाओं का एक बड़ा बाजार बनने वाला है, या यह सिर्फ एक तुक्का है जो दो बार हिंदी फिल्मों का लग गया? जिस देश से हिंदुस्तान का सांस्कृतिक लेन-देन सीमित रहा है, क्या वहां पर सफलता के झंडे गाड़कर ‘दंगल’ और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ ने चीन को उसकी ही धरती पर धोबी-पछाड़ मारा है? या फिर, अंदरखाने की असल बात यह है कि ‘दंगल’ और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ की सफलता से हिंदुस्तान से कहीं ज्यादा फायदा चीन का होने वाला है?
‘आवारा’ (1951) और ‘कारवां’ (1971) वे शुरुआती हिंदी फिल्में कहलाती हैं जो स्थानीय मैंडरिन भाषा में डब होने के बाद चीन में बेहद पसंद की गई थीं. इसके बाद बाकी के कला क्षेत्रों की ही तरह फिल्मों को लेकर भी चीन और हिंदुस्तान का सांस्कृतिक लेन-देन सीमित हुआ और कुछ अपवादों को छोड़कर चाइनीज कल्चर में हिंदुस्तानी फिल्मों का दखल बेहद कम रहा. शाहरुख और सलमान के चीनी फैन्स तो बनते रहे, लेकिन बड़े स्तर पर किसी भी हिंदुस्तानी सितारे का दखल नहीं रहा.
2011 में आकर जब हिरानी और आमिर की दो साल पहले बनी ‘3 इडियट्स’ (2009) वहां रिलीज हुई, तो राज कपूर के बाद पहली बार चीनी जनता किसी हिंदुस्तानी सुपरस्टार से करीब से रूबरू हुई. ‘3 इडियट्स’ ने चीन के थियेटरों में रिलीज होने के बाद लगभग 16 करोड़ रुपए कमाए लेकिन इससे पहले, विदेशी फिल्मों की रिलीज को लेकर बेहद सख्त रहने वाले चीन की फिल्म क्लीयर करने वाली जटिल प्रकिया से गुजरना आमिर खान ने सिर्फ एक वजह से स्वीकारा. ‘3 इडियट्स’ के भारत में रिलीज होने के बाद से ही उन्हें लगातार खबर मिल रही थी कि चीन का युवा इंटरनेट की मदद लेकर घर बैठे ही उनकी फिल्म की पायरेटिड कॉपी छककर देख रहा है!
इसके बाद फिर, 2015 में वहां ‘पीके’ रिलीज हुई और उसने 123 करोड़ रुपए का बड़ा कारोबार किया. पहली बार कोई भारतीय सितारा चीन की मौजूदा पीढ़ी के लिए लोकप्रिय होने लगा, जिस वजह से जब ‘दंगल’ को 2017 में चीन में रिलीज करने की बारी आई तो उसकी बहुत ज्यादा तैयारी की गई. परदे के पीछे वाली. चीन की सबसे बड़ी और सबसे ज्यादा प्रभावशाली फिल्म कंपनी, सरकारी ‘चाइना फिल्म ग्रुप कॉर्पोरेशन’ ने न सिर्फ ‘दंगल’ को सपोर्ट किया बल्कि इसको डिस्ट्रीब्यूट करने में भी अहम भूमिका निभाई.
आमिर जब प्रीमियर के लिए चीन पहुंचे तो चीन के सुविख्यात सितारों ने उनके प्रीमियर पर पहुंचकर फिल्म का समर्थन किया और चीन की सबसे खूबसूरत कही जाने वाली एक एक्ट्रेस के साथ आमिर ने मंच साझा कर साथ में काम करने का वादा भी दिया. शंघाई में आमिर कॉलेज के छात्रों से रूबरू हुए और एक अन्य शहर जाकर पांडा के साथ फोटो खिंचवाई और फीमेल फैन्स के साथ योगा किया.
इसके अलावा चीन के अपने सरकारी सोशल मीडिया पर (एफबी की तर्ज पर वीबो, और व्हाट्स ऐप की तर्ज पर वीचैट - जिसपर जब चीन जाकर आमिर ने एकाउंट बनाया तो तुरंत छह लाख फॉलोअर्स उनसे जुड़ गए) ‘दंगल’ का जमकर प्रचार किया गया और कई चीनी सितारों ने इसकी तारीफ में अपनी-अपनी प्रोफाइलों पर कसीदे पढ़े. इन तारीफों को तुरंत उनके प्रशंसकों ने गले लगाया और देखते ही देखते देशभर में ऐसा माहौल बनने लगा जैसा इससे पहले किसी हिंदी फिल्म के लिए चीन में कभी नहीं बना था. चतुर आमिर, जैसे हिंदुस्तान में अपनी फिल्म रिलीज से पहले माहौल बनाते रहे हैं, ठीक वैसा ही माहौल उस देश में बनाने में सफल रहे जो आदतन हिंदुस्तानियों से कम प्यार करता है.
अगले साल 2018 में ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ की चाइना रिलीज के वक्त भी आमिर खान ने यही स्ट्रेटजी अपनाई. एक हफ्ते तक वे अपनी फिल्म की नायिका जायरा वसीम को साथ लेकर चीन के सात शहरों में घूमे और अपनी निर्मित फिल्म के लिए जबरदस्त माहौल तैयार किया. इस दौरान उन महिला दर्शकों और परिवारों को फिर से मोहित किया गया जो ‘दंगल’ के वक्त पिता और बेटियों की मार्मिक कहानी से बेहद प्रभावित हुए थे और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ में उन्हें एक बार फिर वैसे ही सशक्त महिला किरदार देखकर द्रवित होने का मौका दिया.
आमिर खान को यह भी फायदा मिल रहा है कि एक जमाने में जो लोकप्रियता राज कपूर को रूस और बच्चन को मिस्र में मिली थी, आज के समय में उसी स्तर की दीवानगी चीनी जनता आमिर पर लुटा रही है. आमिर भी पलटकर उन्हें बेहतरीन कंटेंट दे रहे हैं और साथ ही अपनी फिल्मों को बेहद समझदारी के साथ चीन में रिलीज कर अथाह धन कमा रहे हैं. चीनी सरकार आमिर खान के जादू के आगे नतमस्तक हो चुकी है और जहां एक तरफ विदेशी फिल्मों को अपने यहां रिलीज करते वक्त चीन ज्यादातर प्रॉफिट अपनी जेब में रखने के लिए बदनाम रहा करता है, वहीं ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ के लिए उसने आमिर खान को एक ऐसी प्रॉफिट-शेयरिंग डील ऑफर की जो अब तक सिर्फ हॉलीवुड की कुछ ब्लॉकबस्टर फिल्मों को नसीब हुआ करती थी.
‘दंगल’ की महा सफलता ने यह मुमकिन किया है कि अब जितना भी ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ चीन में कमाएगी उसका 25 प्रतिशत धन सीधे इस फिल्म के निर्माता, यानी कि आमिर खान को मिलेगा. ऐसा चीन में रिलीज हुई किसी हिंदुस्तानी फिल्म के साथ पहली बार हो रहा है क्योंकि अभी तक चीन हिंदी फिल्मों को एकमुश्त रकम देकर खरीदता था (उदाहरण के तौर पर एक-आधा मिलियन डॉलर) और फिर चीनी थियेटरों में इन हिंदी फिल्मों से जितनी भी कमाई होती थी वो सीधे चीनी सरकार की जेब में जाती थी.
हमारी ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ वो पहली हिंदी फीचर फिल्म है, जिसने पराई धरती पर हॉलीवुड की बराबरी कर चीन के बाजार में सीधे सेंध मारी है.
इन वजहों के अलावा खराब चीनी फिल्मों, एकरसता की मारी हॉलीवुड एक्शन फिल्मों और दक्षिण कोरिया की खूब पसंद की जाने वाली फिल्मों पर हाल ही में चीन में लगे बैन ने भी ‘दंगल’ व ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ की भरपूर मदद की है. सिर्फ ‘दंगल’ की बात करें तो फिल्म रिलीज होने के बाद चीनी दर्शकों ने इसकी कहानी से खुद को इस कदर जुड़ा हुआ महसूस किया कि ‘वर्ड ऑफ माउथ’ ही ‘दंगल’ की सबसे बड़ी पब्लिसिटी बन गया. किसी को ‘दंगल’ और बौद्ध धर्म में समानता नजर आई तो कईयों को लड़कियों द्वारा पितृसत्ता के खिलाफ खड़ा होना लुभाया. जिस कड़क पिता की वजह से फिल्म की आलोचना हिंदुस्तान में हुई, उसी पिता और उसके संघर्षों को देखकर चीनी जनता की आंखें नम हुईं.
प्रतिष्ठित बीजिंग फिल्म एकेदमी के एक प्रोफेसर ने तो यहां तक कहा, ‘दंगल की कहानी पूरी तरह चीन की है. जिस तरह फिल्म में एक गांव की लड़की अपनी मेहनत के दमपर विश्व चैंपियन बनती है, चीन की कई महिला एथलीटों की यही कहानी है!’
साफ तौर पर, आमिर की लोकप्रियता और कंटेंट के कॉकटेल के दमपर ही ‘दंगल’ व ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ ने चीन में इतिहास रचा है (ऐसा कंटेंट जो चीनी दर्शक आमतौर पर देख नहीं पाता - इमोशनल ड्रामा). ये कॉकटेल न तो दंगल के बाद वहां रिलीज हुई ‘बाहुबली 2’ के पास था, और न ही चीनी नायिका वाली सलमान खान अभिनीत इमोशनल ‘ट्यूबलाइट’ के पास. इसलिए यह कहना सौ फीसदी जल्दबाजी होगी कि ‘दंगल’ और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ ने आने वाली हिंदी फिल्मों के लिए एक बड़े बाजार के कपाट खोल दिए हैं. भले ही एक और उम्दा मानवीय कहानी कहती सलमान खान की ‘बजरंगी भाईजान’ जल्द ही वहां रिलीज होने वाली है, लेकिन यह समझना मुश्किल नहीं कि चीन आने वाले वक्त में भी हिंदी फिल्मों के लिए एक मुश्किल बाजार रहने वाला है. जिसका तिलिस्म या तो कोई सयाना आमिर खान तोड़ेगा, या फिर वे खालिस मानवीय हिंदुस्तानी कथाएं जो सांस्कृतिक रूप से चीनियों को अपने सबसे करीब नजर आएंगीं.
कुछ जानकारों का यह भी मानना है कि ‘दंगल’ की सफलता से ज्यादा फायदा चीन का होने वाला है, हिंदुस्तान का नहीं. अगर आप चीन में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों के विकीपीडिया पेज पर अभी नजर डालेंगे तो पाएंगे कि ऐसी पहली 20 फिल्मों में से 10 फिल्में हॉलीवुड की हैं, नौ चीन की और सिर्फ एक ‘दंगल’ भारत की.
साफ है कि चीनी दर्शक हॉलीवुड से आयातित फिल्मों का दीवाना है और चीन की सरकार भी उनके सेंसर नियमों का झुककर पालन करने वाली इन पलायनवादी फिल्मों को पसंद करती है. इसी वजह से यूएस और चीन के बीच एक फिल्म ट्रीटी भी कायम है जिसके अनुसार ही दोनों देशों के बीच मुनाफे को बांटा जाता रहा है और कितनी हॉलीवुड फिल्में चीन में दिखाई जा सकती हैं, इस पर बाकायदा बातचीत होती रहती है. लेकिन ट्रम्प के सत्ता संभालने के बाद दोनों देशों के बीच बदले समीकरणों की वजह से, और इस वजह से भी कि चूंकि अमेरिका के बाहर हॉलीवुड फिल्मों का सबसे बड़ा बाजार चीन है और इस बाजार पर अब अमेरिका अपना प्रभुत्व बढ़ाना चाहता है, आने वाले वक्त में यूएस-चाइना फिल्म ट्रीटी को लेकर खींचतान होना निश्चित है.
जैसा कि यह लेख कहता है, ऐसे ही समय में सौदेबाजी करते वक्त चीन, ‘दंगल’ (व ‘सीक्रेट सुपरस्टार’) जैसी फिल्मों के उदाहरणों का फायदा उठाएगा और यह जताने की कोशिश करेगा कि वो मनोरंजन के लिए पूरी तरह हॉलीवुड पर निर्भर नहीं है. भारत-चीन सरहद पर तनाव भी बरकरार रहेगा, हिंदी फिल्में भी निर्यात होती रहेंगी और अमेरिका भी अपनी फिल्मों के प्रदर्शन से चीन में जरूरत से ज्यादा मुनाफा नहीं कमा पाएगा. कई लोगों को लगता है, कुछ ऐसा ही प्लान चीन के खुराफाती दिमाग में इस वक्त चल रहा है!
दूसरी तरफ कई जानकारों का मानना है कि असल में ‘दंगल’ ने चीन को उसकी ही जमीन पर पटखनी दी है. चीन के रहवासी और अब बैंगलुरू में रहने वाले हुआ जियानलॉन्ग के काफी पढ़े गए इस लेख के अनुसार ‘दंगल’ की वजह से ही चीनी नागरिकों को हिंदुस्तान का ‘असली’ चेहरा देखने को मिला है.
इससे पहले तो सरकार के कंट्रोल में रहने वाला चीनी मीडिया हमेशा से ही हिंदुस्तान को एक कमतर देश के रूप में पेश करता आया है. सरकारी प्रोपेगेंडा के दम पर हिंदुस्तान की छवि एक ऐसे पिछड़े देश की बनाई जा चुकी है जहां स्वच्छता और स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रखा जाता, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का बहुत बुरा हाल है और बलात्कार के मामलों में हरदम बढ़ोतरी होती रहती है. बेहद चतुराई से चीन की सरकार इस ‘पिछड़ेपन’ की वजह भारत में लोकतंत्र के होने को बताती है और रेखांकित करती है कि मौजूदा कम्युनिस्ट पार्टी के एकाधिकार की वजह से ही चीन में इतनी खुशहाली और दक्षता मौजूद है.
लेकिन चीन में ‘दंगल’ की सफलता ने न सिर्फ हिंदुस्तान की इस गलत छवि दिखाने वाले आईने को चटकाने में मदद की है बल्कि यह भी स्थापित किया है कि एक स्वतंत्र देश में ही ‘दंगल’ जैसी फिल्में और उसे बनाने वाले कलाकार पनप सकते हैं. जहां अभिव्यक्ति की आजादी हो, समाज की परेशानियों को व्यक्त करने के लिए पटकथा लेखक स्वतंत्र हों और फिल्मों को चीन के जैसी कठोर सेंसरशिप से न गुजरना पड़ता हो. ऊपर वर्णित लेख में यह महत्वपूर्ण टिप्पणी भी शामिल है कि भले ही इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में चीन भारत से 20-30 साल आगे है, लेकिन कला और साहित्य के मामले में हिंदुस्तान से ‘पिछड़ा’ हुआ है.
कुछ ऐसी ही तस्दीक न्यूयॉर्क टाइम्स का लेख भी करता है. लेख के अनुसार दोनों ही देश, चीन व भारत, अपने सांस्कृतिक प्रभुत्व को एशिया के दूसरे देशों में भी फैलाना चाहते हैं (जिसे अंग्रेजी में ‘सॉफ्ट पॉवर’ कहा जाता है) लेकिन ‘दंगल’ की सफलता के बाद चीन के माथे पर बल पड़ चुके हैं कि कहीं वो इस दौड़ में पीछे तो नहीं रह गया है. अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और सैन्य बल के दम पर चीन भारत से बेहतर हार्ड पॉवर तो बन चुका है, लेकिन अपनी संस्कृति, बौद्ध धर्म से जुड़ी परम्परा और योगा के फैलाव की वजह से भारत एक बेहतर सॉफ्ट पॉवर बनकर उभरा है.
यह लेख यह भी रेखांकित करता है कि ‘दंगल’ की सफलता ने हॉलीवुड के प्रेम में मदहोश चीन को ‘वेस्ट से ईस्ट’ देखने पर भी मजबूर किया है! न सिर्फ चाइनीज प्रोडक्शन कंपनियां हिंदी फिल्मों का सह-निर्माण करना चाहती हैं, बल्कि भारतीय निर्देशकों और लेखकों को भी लुभाने की कोशिश करना शुरू कर चुकी हैं. यह इसलिए भी हो रहा है क्योंकि हॉलीवुड को मात देने और बराबरी पर खुद की फिल्म इंडस्ट्री खड़ी करने की चीन की महत्वाकांक्षा ने उसकी खुद की फिल्मों को सिर्फ मुनाफे और सतही मनोरंजन तक सीमित कर दिया है.
गुणवत्ता और कायदे की कहानी पर जोर देना चीनी फिल्म इंडस्ट्री भूल चुकी है और एक अच्छी कहानी कहने से ज्यादा जरूरी उसके लिए बड़े-महंगे सितारे और स्पेशल इफेक्ट्स हो चुके हैं.
चीन को शायद अंदाजा कम है कि ठीक यही महामारी हमारे बॉलीवुड में भी फैल रही है. शुक्र बस इतना है कि हमारे पास अभी भी आमिर खान जैसे चंद स्टार-एक्टर मौजूद हैं, जो काबिल कहानियों के लिए सबकुछ न्यौछावर करने को हरदम तैयार रहते हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें