दिल्ली में एक स्कूल के टॉयलेट में नौवीं कक्षा के एक छात्र की बेहोशी की हालत में मिलने के बाद मौत हो गई. यह दिल्ली के करावल नगर इलाके की घटना है. मृतक छात्र का नाम तुषार (16) बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक स्कूल के कुछ छात्रों ने उसे बाथरूम में बेहोशी की हालत में देखा था जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. बाद में उसे जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
पुलिस के मुताबिक परिवार का आरोप है कि स्कूल के छात्रों से तुषार की लड़ाई हुई थी. परिवार का यह भी आरोप है कि स्कूल के अधिकारी उन छात्रों का बचाव कर रहे हैं जिन्होंने तुषार की पिटाई की थी. एनडीटीवी के मुताबिक परिवारवालों ने आरोप लगाया कि कुछ छात्रों ने उनके बेटे को पीटा और फिर अचेत अवस्था में बाथरूम में ही छोड़ दिया. पुलिस तुषार की कक्षा के साथियों और उन छात्रों से पूछताछ कर रही है जिन्होंने उसे बेहोश पाया था. हालांकि उसका कहना है कि तुषार के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है.
उधर, स्कूल प्रशासन का कहना है कि तुषार को दस्त की शिकायत थी. पुलिस ने परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. इससे पहले गुड़गांव स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल और लखनऊ के ब्राइटलैंड इंटर कॉलेज स्कूल के बाथरूमों में छात्रों पर हमले की खबरें आ चुकी हैं. बताया जाता है कि दोनों ही मामलों में स्कूल के सीनियर छात्रों ने छोटी उम्र के बच्चों को इसीलिए निशाना बनाया ताकि स्कूल तय समय से पहले बंद हो जाए.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें