अमेरिका में बीते सालों के दौरान स्कूलों में गोलीबारी की कई घटनाएं सामने आई हैं जिनमें दर्जनों छात्र-छात्रा और शिक्षक मारे गए हैं. इस कड़ी में सबसे ताजा मामला इसी महीने की 14 तारीख का है जब फ्लोरिडा के एक स्कूल में यहीं के एक पूर्व छात्र ने अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं जिसमें 17 लोग मारे गए थे. ऐसी घटनाएं रोकने के लिए अमेरिका में एक बार फिर बंदूकों की बिक्री पर नियंत्रण और पाबंदी का मसला चर्चा में है. इसी हवाले से अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह अजीबो-गरीब सुझाव आया है कि स्कूलों में गोलीबारी से जुड़ी घटनाएं रोकने के लिए शिक्षकों को भी हथियार दिए जा सकते हैं.

ट्रंप ने यह बात बुधवार को फ्लोरिडा के संबंधित स्कूल के कुछ छात्र और उनके परिवार वालों से मुलाकात के दौरान कही है. इन लोगों ने अमेरिकी राष्ट्रपति से स्कूलों को और सुरक्षित बनाने और बंदूकों की बिक्री और उन्हें रखने से संबंधित नियमों में बदलाव की मांग को लेकर मुलाकात की थी. इस मसले पर डोनाल्ड ट्रंप का कहना था, ‘स्कूलों में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए शिक्षकों के हाथ में बंदूक पकड़ाई जा सकती है. उन्हें बंदूक चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जा सकता है.’

हालांकि बातचीत में ट्रम्प ने इन सब को भरोसा दिलाया कि अमेरिकी सरकार बंदूक रखने वालों की पृष्ठभूमि की कड़ी जांच करेगी. साथ ही उनके मानसिक स्वास्थ्य पर खास तौर से ध्यान दिया जाएगा. इस बीच डोनाल्ड ट्रम्प ने यह भी कहा, ‘स्कूल पर हुए हमले के दौरान अगर किसी शिक्षक के पास हथियार होता तो उस हमलावर को आसानी से काबू किया जा सकता था.’ हालांकि उन्होंने आगे कहा कि उनकी यह बात विरोधाभासी लगती है जिससे कई लोग सहमत हो सकते हैं तो कई असहमत भी.