भाजपा के दलित सांसद का आरोप - योगी आदित्यनाथ डांटकर बैठक से भगा देते हैं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों कथित रूप से अपने गलत व्यवहार को लेकर सुर्खियों में हैं. दो दिन पहले लखनऊ के एक फरियादी ने योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उसे जनता दरबार से धक्के देकर निकाल दिया था. अब भाजपा के एक दलित सांसद छोटे लाल खरवार ने आरोप लगाया है कि आदित्यनाथ उन्हें बैठकों से डांट कर भगा देते हैं. छोटे लाल खरवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शिकायत की है. (विस्तार से)
एनडीए सांसदों का ऐलान, 23 दिन संसद ठप रही इसलिए इन दिनों का वेतन नहीं लेंगे
संसद में कई दिनों से जारी हंगामे के चलते सदन का काम ठप पड़ा हुआ है. इसे देखते हुए केंद्र की एनडीए सरकार के सांसदों ने उन दिनों का वेतन नहीं लेने का ऐलान किया है जिनमें सदन का काम नहीं हुआ. बुधवार को केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने घोषणा की कि भाजपा या एनडीए का कोई सांसद बीते 23 दिनों का वेतन और भत्ता नहीं लेगा. उन्होंने ट्वीट किया, ‘भाजपा-एनडीए के सांसदों ने फैसला किया है कि वे उन 23 दिनों का वेतन नहीं लेंगे जिनमें संसद का काम नहीं हुआ. वेतन तब मिलना चाहिए जब हम जनता के लिए काम करें.’ (विस्तार से)
कॉमनवेल्थ गेम्स : वेटलिफ्टिंग में गुरु राजा के सिल्वर मेडल से भारत ने खाता खोला
21वें कॉमनवेल्थ गेम्स यानी राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत हो चुकी है. इन खेलों के पहले ही दिन भारत भी पदक तालिका में अपना नाम दर्ज कराने में कामयाब हो गया है. भारत के लिए 56 किलो वर्ग की वेटलिफ्टिंग (भारोत्तोलन) प्रतियोगिता में गुरु राजा ने रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया है. गुरु राजा ने कुल 249 किलोग्राम का वजन उठाया. मलेशिया के मुहामेद इजहार अहमद हाजालवा ने 261 किलो भार उठा कर स्वर्ण पदक जीता जबकि श्रीलंका के चतुरंगा लकमल को कांस्य मिला. उन्होंने 248 किलोग्राम भार उठाया था. (विस्तार से)
अफरीदी को सचिन तेंदुलकर का जवाब, कहा - हमें क्या करना है ये किसी बाहरी को बताने की जरूरत नहीं
कश्मीर पर पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के ट्टीट को लेकर अब सचिन तेंदुलकर ने भी उन्हें जवाब दिया है. उन्होंने कहा, ‘हमारे पास देश चलाने के लिए काबिल लोग हैं. किसी बाहरी को हमें ये बताने की जरूरत नहीं कि हमें क्या करना चाहिए.’ शाहिद अफरीदी का ट्वीट कश्मीर में सुरक्षाबलों द्वारा एक अप्रैल को 12 आतंकियों को ढेर करने पर आया था. उन्होंने लिखा था कि आजादी और अपनी पहचान के लिए आवाज उठाने पर बेगुनाहों को दमनकारी सत्ता द्वारा मारा जा रहा है. (विस्तार से)
अंबेडकर जयंती के बहाने अखिलेश यादव ने सपा-बसपा गठबंधन को और मजबूती दे दी है
अगले लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन की संभावनाओं को और मजबूती देते हुए समाजवादी पार्टी ने बड़े पैमाने पर अंबेडकर जयंती मनाने का फैसला किया है. 14 अप्रैल को डॉ बीआर अंबेडकर की 127वीं जयंती है. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक उस दिन सपा पूरे उत्तर प्रदेश में उनका जन्मदिन मनाएगी. खबर के मुताबिक अंबेडकर जयंती के दिन सपा बाबासाहेब से जुड़ी कई डॉक्यूमेंट्रियां दिखाएगी और उनकी जीवनगाथा बताने वाले गाने चलाएगी. इन गानों में अंबेडकर के विचार, आस्था और समाज के प्रति उनके योगदान का जिक्र होगा. (विस्तार से)
काला हिरण शिकार मामला : सलमान खान को पांच साल की सजा
काला हिरण शिकार मामले में जोधपुर की एक अदालत ने अभिनेता सलमान खान को पांच साल जेल की सजा सुनाई है. उन पर 10 हजार रु का जुर्माना भी लगाया गया है. अदालत ने अन्य आरोपितों - अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री तब्बू, सोनाली बेंद्र और नीलम - को बरी कर दिया है. इस मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद बीती 28 मार्च को अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था. (विस्तार से)
मुझे एक मौका और दें : मार्क जुकरबर्ग
कैंब्रिज एनालिटिका मामले ने फेसबुक की विश्वसनीयता को इतना नुकसान पहुंचाया है कि इसके सीईओ मार्क जुकरबर्ग को लोगों से मिन्नतें करनी पड़ रही हैं. वे यूजर्स को यकीन दिला रहे हैं कि इस कंपनी को चलाने में उनसे बेहतर अभी भी कोई नहीं है. बुधवार को मार्क जुकरबर्ग ने माना कि उनकी कंपनी यूजर्स का डेटा किसी तीसरी पार्टी (एप डेवलपर्स) को देती थी. उन्होंने कहा कि यूजर्स उन्हें एक मौका और दें क्योंकि फेसबुक को उनसे बेहतर कोई नहीं चला सकता. (विस्तार से)
रेल मंत्री पीयूष गोयल एनपीए को लेकर सवालों के घेरे में क्यों हैं?
रेल मंत्री पीयूष गोयल एक डिफॉल्टर कंपनी में अपनी भूमिका को लेकर विपक्ष के सवालों घेरे में हैं. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक 2010 तक पीयूष गोयल शिरडी इंडस्ट्रीज नाम की कंपनी के चेयरमैन और निदेशक रहे थे. इस दौरान कंपनी ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक और बैंक ऑफ इंडिया सहित कई बैंकों से 258.62 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. यह रकम बाद में 650 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो गई. (विस्तार से)
कॉमनवेल्थ गेम्स : वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू ने स्वर्ण पदक जीता, नया रिकॉर्ड भी बनाया
आॅस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले ही दिन रजत पदक के बाद अब एक स्वर्ण पदक भी भारत के नाम दर्ज हो गया है. भारत को यह स्वर्णिम सफलता वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने दिलाई है. 48 किलोग्राम भारवर्ग की वेटलिफ्टिंग (भारोत्तोलन) प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स का पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. दिल्ली में 2010 में हुए इन खेलों में नाइजीरिया की आॅगस्टिना न्वाकोलो ने इस वर्ग में 175 किलो का वजन उठाया था. बृहस्पतिवार को 196 किलोग्राम का भार उठाकर चानू ने नया कीर्तिमान रच दिया. (विस्तार से)
पाकिस्तान से लगते इलाकों में सरकार 14 हजार से ज्यादा बंकरों का निर्माण करेगी
भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में सरकार ने 14,460 बंकर बनाने का फैसला किया है. पाकिस्तान से होने वाली गोलाबारी के दौरान ये बंकर आम लोगों को छुपने और उन्हें सुरक्षित रखने में मददगार साबित होंगे. द टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक बंकरों का निर्माण दो श्रेणियों - व्यक्तिगत और सामुदायिक, के अंतर्गत किया जाएगा. व्यक्तिगत बंकरों में जहां आठ से दस लोग छुप सकेंगे तो वहीं सामुदायिक बंकरों में 40 लोगों को शरण मिल सकेगी. (विस्तार से)
आरबीआई ने ब्याज दरें जस की तस रखीं
जैसी संभावनाएं जताई जा रही थीं, वैसा ही हुआ है. नए वित्त वर्ष (2018-19) में हुई मौद्रिक नीति समिति की पहली बैठक में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने रेपो रेट और रिवर्स रेपो रेट क्रमशः छह और 5.75 प्रतिशत पर बरकरार रखा है. इसके अलावा नकद आरक्षित अनुपात (कैश रिजर्व रेशियो) भी चार प्रतिशत ही रखा गया है. आरबीआई के इस कदम से सस्ते कर्ज की उम्मीद और कम हो गई है. (विस्तार से)
पश्चिम बंगाल : पेंशन के लालच में एक व्यक्ति ने अपनी मां का शव तीन साल तक फ्रिज में रखा
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक व्यक्ति को अपनी मां का शव तीन साल तक फ्रिज में रखने के आरोप में हिरासत में लिया गया है. आरोपित सुभब्रत मजुमदार की मां बीना (87) की मौत सात अप्रैल, 2015 को एक निजी नर्सिंग होम में हो गई थी. लेकिन सुभब्रत ने मां का अंतिम संस्कार नहीं किया और उनका शव आइसक्रीम ठंडा रखने वाले एक कमर्शियल फ्रिज में रख दिया ताकि वह सुरक्षित बना रहे. मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि बीना सरकारी कर्मचारी थीं और उनकी पेंशन लेते रहने के लालच में मजूमदार ने यह काम किया है. (विस्तार से)
पश्चिम बंगाल : पंचायत चुनाव के मामले में भाजपा सुप्रीम कोर्ट पहुंची
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस उसके उम्मीदवारों को पंचायत चुनाव नहीं लड़ने दे रही है. पार्टी के मुताबिक उसके उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने से रोका जा रहा है. इस आरोप के साथ भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की है. कोर्ट शुक्रवार को इस मामले में सुनवाई करेगा. (विस्तार से)
रिजर्व बैंक ने बिटकॉइन पर पाबंदी लगाई
रिजर्व बैंक आॅफ इंडिया (आरबीआई) ने बिटकॉइन और इसके जैसी दूसरी वर्चुअल करेंसी पर प्रतिबंध लगा दिया है. गुरुवार को यह घोषणा मौद्रिक नीति की समीक्षा करने के बाद की गई. आरबीआई ने कहा है कि वर्चुअल करेंसी पर लगाया गया यह प्रतिबंध तुरंत प्रभाव से लागू होगा. इसके बाद अब रिजर्व बैंक द्वारा नियमित संस्थाओं जैसे बैंक खाते और ई-वॉलेट आदि के जरिये वर्चुअल करेंसी का लेन-देन संभव नहीं हो सकेगा. (विस्तार से)
लाहौर हाई कोर्ट का पाकिस्तान सरकार को निर्देश - हाफिज सईद को परेशान न किया जाए
मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को लाहौर हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. अदालत ने पाकिस्तान सरकार से कहा है कि वह हाफिज सईद को परेशान न करे और उसे सामाजिक कल्याण के कार्य करने दे. पाकिस्तान के अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक मंगलवार को अपने एक आदेश में लाहौर हाई कोर्ट ने कहा है, ‘अगले आदेश तक हाफिज सईद को किसी तरह से परेशान करने वाली नीति न अपनाई जाए.’ (विस्तार से)
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें