देश में छात्रों द्वारा अपने ही स्कूल के छात्रों की जान लेने के मामले बढ़ते जा रहे हैं. ताजा उदाहरण गुजरात का है. खबर है कि यहां पुलिस ने एक जूनियर छात्र की हत्या के आरोप में दसवीं कक्षा के एक छात्र को गिरफ्तार किया है. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक आरोपित छात्र वडोदरा के एक स्कूल में पढ़ता है. शुक्रवार को उसने कथित रूप से स्कूल के टॉयलेट में अपने जूनियर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. मृतक छात्र 14 साल का था और नौवीं कक्षा में पढ़ता था. खबर के मुताबिक उसके शरीर पर चाकू से हमले के 15 निशान मिले हैं.
पुलिस आयुक्त मनोज शशिधर के मुताबिक स्कूल के चार छात्रों ने आरोपित छात्र को पीड़ित पर हमला करते देख लिया था. शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों छात्रों में झगड़ा चल रहा था. जांचकर्ताओं को उम्मीद है कि आरोपित से पूछताछ के बाद हत्या की असल वजह पता चल जाएगी. इस मामले से जुड़ी एक जानकारी हैरान करने वाली है. एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि स्कूल की छत से मिले आरोपित छात्र के बैग से पुलिस को तीन बड़े चाकू और लाल मिर्च के घोल से भरी बोतल मिले हैं. इसके अलावा मृतक छात्र के शव के नजदीक 12 इंच का चाकू बरामद हुआ है.
स्कूल के एक प्रबंधक ने बताया कि जूनियर छात्र ने इसी साल दाखिला लिया था. उसने दो हफ्ते पहले ही स्कूल आना शुरू किया था. प्रबंधक ने बताया, ‘सुबह 11.50 के आसपास कुछ छात्रों ने अध्यापकों को बताया कि टॉयलेट में किसी का शव पड़ा हुआ है. एंबुलेंस के आने से पहले ही छात्र की मौत हो गई थी.’
पिछले साल सितंबर में गुड़गांव के रायन इंटरनेशनल स्कूल में 11वीं एक छात्र ने सात साल के एक छात्र की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी. मामला सामने आने के बाद देश के स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा का सवाल राष्ट्रीय मुद्दा बन गया था. उसके बाद इसी साल जनवरी में लखनऊ में भी ऐसा मामला सामने आया. यहां ब्राइटलैंड स्कूल की एक छात्रा ने पहली कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया था.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें