ट्विटर पर वायरल हुए एक वीडियो संदेश में इन दिनों पूछा जा रहा है कि बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान क्या जल्दी ही पाकिस्तान का दौरा करने वाले हैं. लेकिन आमिर खान को पाकिस्तान जाने की आखिर जरूरत क्या है?

गल्फ न्यूज के मुताबिक इस सवाल का जवाब जानने के लिए अतीत के पन्नों को पलटना होगा. बात साल 2012 की है. तब इमरान खान एक कार्यक्रम में शिरकत करने भारत आए थे. इसी कार्यक्रम के दौरान आमिर खान ने इमरान खान से कहा था, ‘जब आप चुनाव जीतेंगे तो आपकी जीत का जश्न मनाने के लिए मैं खुद पाकिस्तान आऊंगा. यही नहीं अपने साथ मैं कई अन्य भारतीयों को भी लाऊंगा.

आमिर खान ने आगे कहा था, ‘आप जिस विचारधारा का प्रचार कर रहे हैं और पाकिस्तान के लिए आपने जो सपना देखा है उसके मद्देनजर मैं दुआ करता हूं कि चुनाव में आपकी जीत हो. मेरी दुआ है कि पाकिस्तान में एक ऐसी सरकार बने जो वहां की समस्याओं को खत्म करने के लिए सही मायनों में प्रयास करे. ऐसा हुआ तो यह न सिर्फ हमारे पड़ोसी मुल्क बल्कि इस कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों के लिए अच्छा साबित होगा.’

उधर, पाकिस्तान में बीते हफ्ते हुए चुनाव में इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) सबसे बड़े दल के तौर पर उभरी है. अब 11 अगस्त को इमरान खान देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ भी लेने वाले हैं. ऐसे में क्या आमिर खान पाकिस्तान जाएंगे? फिलहाल उनका इस बारे में कोई जवाब नहीं आया है.