पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर चर्चित अभिनेता शाहरुख खान ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है. एक ट्वीट में उन्होंने कहा है कि भारत ने आज एक पिता तुल्य व्यक्तित्व खो दिया है और निजी तौर पर उन्होंने अपने बचपन के एक हिस्से के साथ-साथ सीखने, मुस्कुराने और कविताओं से जुड़ी यादें खो दी हैं.

शाहरुख खान के मुताबिक उनके घर में अटल बिहारी वाजपेयी को ‘बापजी’ कह कर संबोधित किया जाता था. उन्होंने लिखा है, ‘जब मैं बड़ा हो रहा था तो मेरे पिता मुझे वाजपेयीजी के भाषण सुनवाने के लिए ले जाते थे. मुझे उनसे कई सालों बाद मिलने का मौका मिला था. तब हमने कविता, फिल्म, राजनीति और अपने दुखते घुटनों के बारे में बातचीत की थी. अपने जीवन के शुरुआती सालों में खुद पर उनका प्रभाव पड़ने को मैं अपनी खुशकिस्मती मानता हूं. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे.’