सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्रालय ने हाल में फेसबुक में लगी सेंध से भारतीय यूजर्स पर पड़े असर के बारे में सोशल मीडिया कंपनी से विस्तृत जानकारी की मांग की है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी है. मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि फेसबुक को मौखिक तौर पर हैकिंग से प्रभावित भारतीय लोगों की संख्या बताने के लिए कहा गया. उनके मुताबिक फेसबुक के अधिकारियों ने कहा कि वे अभी स्थिति का आकलन कर रहे हैं और दो दिन में उत्तर देंगे. हालांकि, फेसबुक ने इस बारे में पूछे जाने पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.
पिछले सप्ताह फेसबुक के मुखिया मार्क जुकरबर्ग ने बताया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने पांच करोड़ यूजर्स के अकाउंट हैक किए थे. उन्होंने बताया कि हमलावरों ने यूजर्स के लॉग इन रहने के लिए कंपनी द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली डिजिटल कुंजी (की) चुरा कर उन अकाउंट्स पर नियंत्रण करने की क्षमता हासिल कर ली थी. इसे बाद फेसबुक ने प्रभावित पांच करोड़ यूजर्स को लॉग आउट कर दिया और साथ ही चार करोड़ दूसरे ऐसे यूजर्स को भी लॉग आउट कर दिया जिनके अकाउंट हैक होने की आशंका थी. फेसबुक के मुताबिक इन यूजर्स को अपना पासवर्ड बदलने की जरुरत नहीं है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें