चर्चित फिल्म अभिनेता व समाज सेवी नाना पाटेकर पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली फिल्म अभिनेत्री तनुश्री दत्ता को दो कानूनी नोटिस मिले हैं. द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक उन्हें ये नोटिस नाना पाटेकर और फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने भेजे हैं. इन नोटिसों के मिलने की पुष्टि करते हुए तनुश्री दत्ता ने कहा है, ‘शोषण, अमानवीयता और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की कीमत मैं कानूनी नोटिस के तौर पर चुका रही हूं.’ उनका यह भी कहना है, ‘नाना पाटेकर और विवेक अग्निहोत्री के समर्थक सोशल मीडिया के अलावा सार्वजनिक मंचों पर मेरे खिलाफ झूठ फैलाकर मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं.’
इससे पहले तनुश्री दत्ता ने साल 2008 में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर पर उन्हें गलत ढंग से छूने का आरोप लगाया था. इसके अलावा विवेक अग्निहोत्री पर शोषण का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा था, ‘हिंदी फिल्म चॉकलेट की शूटिंग के दौरान विवेक अग्निहोत्री ने मुझे कपड़े उतारकर नाचने के लिए कहा था.’ नाना पाटेकर और विवेक अग्निहोत्री पर यौन शोषण के आरोप लगाने के मामले में तनुश्री दत्ता को बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों से समर्थन मिला है.
उधर, इसी हफ्ते महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री दीपक केसरकर ने खुलकर नाना पाटेकर को समर्थन देते हुए कहा, ‘तनुश्री दत्ता के खिलाफ यदि कुछ गलत हुआ है तो उन्हें सुबूतों के साथ एफआईआर दर्ज करानी चाहिए. कानून सबके लिए एक समान है. सिर्फ मीडिया में बयान देने से किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकती.’ दीपक केसरकर का यह भी कहना था कि वे नाना पाटेकर को व्यक्तिगत तौर पर कई वर्षों से जानते हैं. उनके मुताबिक आत्महत्या करने वाले किसानों की विधवाओं के लिए नाना ने काफी काम किया है और तनुश्री दत्ता के आरोपों से उनकी छवि को काफी नुकसान पहुंचा है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें