फिल्म अभिनेत्री तनुश्री दत्ता द्वारा अभिनेता नाना पाटेकर व निर्देशक विवेक अग्निहेात्री पर यौन शोषण और उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के संबंध में गुरुवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनडब्ल्यूसी) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई है. द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक तनुश्री दत्ता द्वारा हाल में दिए गए साक्षात्कारों के आधार पर यह शिकायत एक अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता गौरव गुलाटी ने दर्ज कराई है.
उधर, इसी अखबार से बातचीत में तनुश्री दत्ता ने कहा है, ‘मुझे इस शिकायत के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है. इसको लेकर मैंने अब तक किसी को अधिकृत भी नहीं किया है. हो सकता है कि जनहित में यह मामला दर्ज कराया गया हो.’ इससे पहले तनुश्री दत्ता ने यौन शोषण के आरोप लगाते हुए बीते दिनों कहा था कि 2008 में फिल्म हॉर्न ओके प्लीज की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने उन्हें गलत ढंग से छूने की कोशिश की थी. इसके अलावा एक अन्य फिल्म चॉकलेट की शूटिंग में विवेक अग्निहोत्री ने उन्हें कपड़े उतारकर नाचने को कहा था.
इस बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे को लेकर दिए गए एक विवादित बयान के संबंध में तनुश्री दत्ता के खिलाफ महाराष्ट्र के बीड जिले के एक थाने में मानहानि की शिकायत दर्ज कराई गई है. खबरों के मुताबिक यह शिकायत मनसे की जिला इकाई के अध्यक्ष सुमंत धस ने दर्ज कराई है.
इससे पहले तनुश्री दत्ता ने मनसे को गुंडो की पार्टी बताया था. साथ ही राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा था कि बाला साहेब ठाकरे के बाद राज ठाकरे उनके उत्तराधिकारी बनना चाहते थे, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया था. इसके अलावा तनुश्री ने यह भी कहा था, ‘राज ठाकरे को इस बात की तकलीफ है कि उन्हें लीडर नहीं माना जा रहा. उन्हें समझना चाहिए कि औरतों पर हमला कराने वाला नहीं बल्कि औरतों की सुरक्षा करने वाला लीडर कहलाता है.’
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें