भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा के जीवन पर बनने वाली फिल्म में मुख्य भूमिका फिल्म अभिनेता शाहरुख खान निभाएंगे. फिल्म के निर्माता रोनी स्क्रूवाला ने इस बात की पुष्टि की है.

रोनी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘हम शाहरूख खान के साथ यह फिल्म कर रहे हैं. हम अगले साल फरवरी या मार्च में इसका निर्माण शुरू करेंगे.’ पहले इस तरह की खबरें थी कि फिल्म में राकेश शर्मा की भूमिका आमिर खान निभाएंगे. फिल्म की पटकथा अंजुम राजाबली ने लिखी है और इसका निर्देशन महेश मथाई करेंगे. फिल्म का नाम ‘सारे जहां से अच्छा’ है. इस बात की भी चर्चा थी कि फिल्म में शाहरूख खान के साथ अभिनेत्री के तौर पर भूमि पेडणेकर को लिया गया है. हालांकि, रोनी ने कहा कि इस बारे में आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी.

Advertisement

फिल्म ‘सारे जहां से अच्छा’ राकेश के जीवन पर आधारित है. राकेश शर्मा भारत के पहले और दुनिया के 138 वें अंतरिक्ष यात्री हैं. 1984 में वे भारत और तत्कालीन सोवियत रूस के एक संयुक्त कार्यक्रम में अाठ दिन के लिए अंतरिक्ष में रहे थे. उस समय वे भारतीय वायुसेना में बतौर स्कवाड्रन लीडर तैनात थे.