कांग्रेस नेता दिव्या स्पंदना की तरफ से गुरुवार को अपने निजी ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट ने विवाद की शक्ल ले ली है. एनडीटीवी के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस ट्वीट को लेकर दिव्या स्पंदना पर पलटवार करते हुए एक अन्य ट्वीट में इसे ‘कांग्रेस का गिरता स्तर’ बताया है. इसके साथ ही इसमें यह भी लिखा है कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल सरदार पटेल के प्रति ‘ऐतिहासिक असम्मान’ और नरेंद्र मोदी के प्रति तर्कहीन नफरत को दर्शाता है. इसी ट्वीट में भाजपा ने आगे सवालिया लहजे में लिखा है, ‘यही राहुल गांधी की ‘प्यार की राजनीति’ है!’
इससे पहले दिव्या स्पंदना ने सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा ‘स्टैच्यू आॅफ यूनिटी’ के साथ नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर ट्विटर पर डाली थी जिसमें वे प्रतिमा के पैर के पास खड़े दिख रहे थे. इस तस्वीर को साझा करते हुए दिव्या स्पंदना ने पूछा था, ‘क्या यह चिड़िया की बीट है?’
उधर कांग्रेस ने दिव्या स्पंदना के इस ट्वीट से किनारा किया है. पार्टी का कहना है कि दिव्या स्पंदना ने यह ट्वीट अपने निजी हैंडल से जारी किया है ऐसे में कांग्रेस का इससे कोई लेना-देना नहीं है.
यह पहला मौका नहीं है जब दिव्या स्पंदना के ट्वीट को लेकर ऐसा विवाद उठा हो. इससे पहले बीते महीने नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर पर ‘चोर’ लिखकर उन्होंने उसे ट्विटर पर साझा कर दिया था जिस पर उन्हें काफी आलोचनाएं सहनी पड़ी थी. यहां तक कि लखनऊ में उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा भी दर्ज हो गया था.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें