आमिर खान ने अपनी हालिया फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तान के लिए दर्शकों से माफी मांगी है. एनडीटीवी के मुताबिक सोमवार को मुंबई में हुए एक आयोजन में उन्होंने कहा कि यह फिल्म दर्शकों को प्रभावित करने में नाकामयाब रही और वे इसकी पूरी जिम्मेदारी लेते हैं. हालांकि उनका यह भी कहना था कि उन समेत फिल्म की सारी टीम ने अपनी पूरी कोशिश की.

विजय कृष्ण आचार्य द्वारा निर्देशित ठग्स ऑफ हिंदोस्तान दीवाली के मौके पर रिलीज हुई थी. आमिर खान के अलावा अमिताभ बच्चन और कैटरीना कैफ जैसे सितारों से सजी इस फिल्म का बजट 300 करोड़ रु बताया गया था. लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो गई. पहले दिन 50 करोड़ रु से भी ज्यादा की रिकॉर्ड ओपनिंग के बावजूद यह दो हफ्तों में 150 करोड़ से भी कम की कमाई कर पाई. इस पर 53 वर्षीय आमिर खान का कहना था, ‘जो ऑडिएंस इतनी एक्सपेक्टेशन से आई मेरी फिल्म देखने के लिए मैं उनसे माफी मांगना चाहता हूं. इस दफा मैं उनको एंटरटेन नहीं कर पाया.’