मशहूर अभिनेता शाहरुख खान ने कहा है कि भारत के पास कुछ ऐसी शानदार कहानियां हैं, जिन्हें पूरी दुनिया को सुनाया जाना चाहिए. यह बात उन्होंने मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान कही.
शाहरुख खान ने शनिवार को ‘मुंबई 2.0’ समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस से बातचीत करते हुए कहा, ‘हमारी कहानियां दुनिया की सबसे अच्छी कहानियां साबित होंगी, लिहाजा हमें इधर-उधर से कहानियां नहीं चुरानी चाहिये.’ उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि युवा पीढ़ी को भारत की गौरवपूर्ण संस्कृति की जानकारी हो, सिर्फ किसी गाने का री-मिक्स बनाने की बात नहीं है, बल्कि युवा पीढ़ी को यह बताने की जरूरत है कि यह कहां से आये हैं.
शाहरुख ने भारतीय फिल्मों को डिजिटल रूप में परिवर्तित करने की जरूरत पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि फिल्म एक बेहद अस्थायी माध्यम है, लेकिन डिजिटल रूप में परिवर्तित करके इसे बरकरार रखा जा सकता है, इनसे हमेशा सीखा जा सकता है. इसके अलावा उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान देने की भी इच्छा व्यक्त की.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें