महाराष्ट्र के ठाणे में एक समाचार पोर्टल और पत्रिका के संपादक की हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपितों में से एक महिला है जो संपादक के पोर्टल के लिए बतौर इंटर्न काम करती थी. पुलिस का कहना है कि संपादक नित्यानंद पांडेय (44) काफी समय से आरोपित महिला का यौन शोषण करने का प्रयास कर रहा था. बीती 15 मार्च को अचानक वह गायब हो गया. बाद में भिवंडी स्थित एक पुल के नीचे उसका शव मिला. पुलिस के मुताबिक आरोपित इंटर्न ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक इस वारदात में महिला के साथ मैगजीन का प्रिंटर सतीश मिश्रा (34) भी शामिल था. उसने भी अपना गुनाह कबूल किया है. ठाणे ग्रामीण पुलिस ने दोनों के कॉल डेटा रिकॉर्ड के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया है.
खबर के मुताबिक भिवंडी पुलिस थाने के इंस्पेक्टर संजय हजारे ने कहा, ‘पिछले दो सालों से पांडेय कथित रूप से कार्यस्थल पर महिला का यौन शोषण कर रहा था जिसका वह विरोध कर रही थी. उसने महिला का प्रमोशन करने से इनकार कर दिया था और उससे शारीरिक संबंध बनाने को कहा था.’ हजारे के मुताबिक इससे परेशान महिला ने सतीश से संपर्क किया. उसने उसे पांडेय की हत्या में साथ देने के लिए राजी किया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नित्यानंद पांडेय पर सतीश मिश्रा की उधारी थी. वह काफी समय से पत्रिका के लिए की गई प्रिंटिंग के पैसे देने में देरी कर रहा था.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें