नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अच्छे ‘अभिनेता’ हैं और ‘अभिनय’ के मामले में उन्होंने कई स्थापित अभिनेताओं को पीछे छोड़ दिया है. मंगलवार को फारूक अब्दुल्ला ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपानीत केंद्र सरकार सभी मोर्चों पर नाकाम रही है और अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए पुलवामा आतंकी हमले के बाद की स्थिति को ‘भुनाना’ चाहती है.

पीटीआई के मुताबिक अब्दुल्ला ने गंदेरबल में एक रैली में कहा, ‘मौजूदा सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है. हालांकि, उन्होंने पुलवामा हमले के पीछे छिपकर बचने का रास्ता देख लिया है. छत्तीसगढ़ में जब सीआरपीएफ के जवान शहीद हुए तो मोदी वहां नहीं गए. छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ के जवानों की कुर्बानी उन्हें (मोदी को) प्रभावित नहीं करती. वे बेफिक्र रहते हैं.’

अब्दुल्ला ने आरोप लगाया कि (पुलवामा हमले के) शहीद जवानों के शव दिल्ली लाए गए तो मोदी शूटिंग में मसरूफ थे. इसके बाद उन्होंने कहा, ‘मैंने ऐसा अभिनेता नहीं देखा है. अभिनय कला में मोदी ने दिलीप कुमार, राज कपूर और शाहरुख खान जैसे अभिनेताओं को पीछे छोड़ दिया है.’