प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है, ‘मेरी सरकार में धर्म के लिए कोई जगह नहीं है. हम ‘सबका साथ, सबका विकास’ की बात करते हैं. मैं हिंदू या मुसलमान के लिए नहीं, देश के नागरिकों के लिए काम करता हूं.’

समाचार चैनल एबीपी न्यूज़ को दिए साक्षात्कार में नरेंद्र मोदी से पूछा गया था कि देश के मुसलमान भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर भरोसा क्यों नहीं करते? इसके ज़वाब में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैंने मुसलमानों के लिए कुछ भी नहीं किया है और न ही हिंदुओं के लिए ही. मेरा लक्ष्य 2022 तक देश के हर परिवार को छत मुहैया करााने का है. हर घर तक बिजली पहुंचाने का है. फिर चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान. कुछ लोग हैं, जो मुस्लिमों में असुरक्षा के भाव को वोट हासिल करने के लिए इस्तेमाल करते हैं.’

Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के साथ बनी भाजपा की सरकार को ‘मिलावट वाली सरकार’ बताया. उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए काफी काम किया है. आज उस राज्य के हर घर में बिजली है. लेकिन महबूबा मुफ़्ती की अगुवाई वाली पीडीपी राज्य की मज़बूती के लिए पंचायतें तक नहीं तक नहीं चाहती थी.’

आप कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम क्यों नहीं लेते? इस सवाल के ज़वाब में नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मैं बहुत सामान्य परिवार से आया हूं. बड़े नाम नहीं ले सकता. मुझे देश के लोगों ने प्रधानमंत्री बनाया है.’ इस साक्षात्कार के दौरान प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान, आतंकवाद, कांग्रेस के घोषणा पत्र, राजद्रोह कानून, सरकार की कार्यसंस्कृति जैसे और भी तमाम मसलों पर खुलकर ज़वाब दिए.