भारत अगले आठ सालों में दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश बन जाएगा. संयुक्त राष्ट्र ने अपनी एक रिपोर्ट में यह बात कही है. इसके मुताबिक 2027 तक भारत जनसंख्या के मामले में चीन को पीछे छोड़ देगा.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 2050 तक दुनिया की आबादी 9.7 अरब हो जाएगी. इसमें आधी से ज्यादा आबादी केवल नौ देशों में होगी. भारत भी उनमें से एक होगा. बाकी आठ देशों में नाइजीरिया, कोंगो लोकतांत्रिक गणराज्य, पाकिस्तान, इथोपिया, तंजानिया, इंडोनेशिया, मिस्र और अमेरिका शामिल होंगे. वहीं, इस सदी के अंत तक यह 11 अरब हो सकती है. अभी यह 7.7 अरब है.
हालांकि वैश्विक प्रजनन दर (जीएफआर) में कमी आई है. हिंदुस्तान टाइम्स ने रिपोर्ट के हवाले से बताया कि 1990 में जीएफआर प्रति महिला के हिसाब से 3.2 दो थी. लेकिन अब घट कर 2.5 हो गई है. वहीं, 2050 तक यह और घट कर 2.2 तक जा सकती है. भारत की मौजूदा प्रजनन दर प्रति महिला 2.2 है. यानी यहां हर महिला औसतन दो बच्चों को जन्म देती है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें