राजस्थान के जयपुर में सात साल की एक बच्ची से बलात्कार का मामला सामने आने के बाद वहां हिंसक घटनाएं हुई हैं. खबरों के मुताबिक इस घटना के विरोध में प्रदर्शनकारी बलात्कार के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करके सजा दिलाने की मांग कर रहे थे. इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने 160 वाहनों को आग भी लगा दी. हिंसा और आगजनी की इस घटना के बाद कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने शहर में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है.
स्थानीय पुलिस के मुताबिक कथित बलात्कार का यह मामला जयपुर के शास्त्री नगर इलाके का है. इसी सोमवार को इस इलाके से एक मोटरसाइकिल सवार ने पीड़ित बच्ची को अगवा किया था और उसके बाद उसके साथ बलात्कार किया था. उसके बाद उसने बच्ची को अगवा करने वाली जगह पर ही वापस छोड़ दिया था. इधर, पीड़ित बच्ची को शहर के ही एक अस्पताल में दाखिल कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है.
इस बीच जयपुर के पुलिस आयुक्त आनंद श्रीवास्तव ने कहा है कि इस मामले में पुलिस ने प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्शुअल ऑफेंस एक्ट (पॉक्सो) के तहम मामला दर्ज किया है. पुलिस इसके दोषी की तलाश कर रही है. इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
वहीं इस दौरान कांग्रेस के नेता महेश जोशी और पार्टी विधायक अमीन कागजी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात करके उसे कड़ी कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया है. इन दोनों नेताओं ने पीड़ित बच्ची के पिता को मुआवजे के तौर पर पांच लाख रुपये का एक चेक भी सौंपा है. जयपुर के जिला अधिकारी के मुताबिक पीड़ित परिवार को यह राशि मुख्यमंत्री राहत कोष के जरिये दी गई है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें