बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने का समर्थन किया है. साथ ही उम्मीद जताई है कि इसके हटाए जाने का वहां के लोगों को पूरा लाभ भी मिलेगा. इसे लेकर मंगलवार को उन्होंने एक ट्वीट भी किया. इसके जरिये मायावती ने कहा, ‘संविधान की सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक न्याय की मंशा को देशभर में लागू करने हेतु जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा संबंधी धारा 370 व 35ए को हटाने की मांग काफी लंबे समय से थी. अब बसपा उम्मीद करती है कि इस संबंध में केंद्र सरकार के फैसले का सही लाभ वहां के लोगों को आगे मिलेगा.’

इसके साथ ही मायावती ने यह भी कहा है, ‘जम्मू-कश्मीर के लेह-लद्दाख को अलग से केंद्र शासित क्षेत्र घोषित किए जाने से खासकर वहां के बौद्ध संप्रदाय के लोगों की बहुत पुरानी मांग अब पूरी हुई है. बसपा इसका भी स्वागत करती है. इससे पूरे देश में विशेषकर बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के बौद्ध अनुयायी काफी खुश हैं.’

इससे पहले इसी सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाने और इस राज्य को दो हिस्सों में बांटने वाले विधेयक पेश किए थे. फिर दिनभर की चर्चा के बाद जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश के तौर पर दो हिस्सों में बांटने वाले विधेयक को राज्यसभा ने पारित कर दिया था. तब इस विधेयक के पक्ष में 125 जबकि विरोध में 61 वोट पड़े थे. बसपा सांसदों ने भी तब इस विधेयक के पक्ष में मतदान किया था.