भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं. दिल्ली के लोदी रोड स्थित शवदाह गृह में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. इस खबर को आज के अधिकतर अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है. अंतिम संस्कार संबंधी सभी रस्में उनकी बेटी बांसुरी स्वराज ने पूरी कीं. इस मौके पर उपराष्ट्रपति एम वेंकैय्या नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई अन्य हस्तियां मौजूद रहीं. इससे पहले दिल्ली के ही जनपथ स्थित उनके निवास पर अंतिम दर्शनों के लिए उनका पार्थिव शरीर रखा गया. बीते मंगलवार की देर शाम दिल का दौरा पड़ने के बाद सुषमा स्वराज को एम्स ले जाया गया था जहां उन्होंने अंतिम सांस ली.

उन्नाव बलात्कार मामला : सीबीआई ने आरोपित विधायक पर लगे आरोपों को सही माना

Advertisement

उत्तर प्रदेश के उन्नाव बलात्कार मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) ने आरोपित भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर लगे आरोपों को सही माना है. अमर उजाला में प्रकाशित खबर के मुताबिक सीबीआई ने दिल्ली स्थित निचली अदालत को बताया कि उसके पास आरोपितों के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं. जांच एजेंसी ने अदालत को अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बलात्कार को अंजाम देने में कुलदीप सिंह सेंगर की अन्य आरोपित शशि सिंह ने मदद की थी और इस मामले में तीन अप्रैल, 2018 तक पुलिस ने कुछ नहीं किया. सीबीआई के मुताबिक इसके बाद पीड़िता की मां ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. वहीं, अदालत ने मामले की मीडिया रिपोर्टिंग पर रोक की मांग को खारिज कर दिया. हालांकि, कोर्ट ने मीडिया को मामले में संयमित रिपोर्ट करने की सलाह जरूर दी है.

बिहार : अनुच्छेद-370 पर जदयू के रुख से पार्टी नेता असहज

अनुच्छेद-370 पर संसद में मोदी सरकार का साथ न देने को लेकर जदयू के भीतर असहजता की स्थिति पैदा हो गई है. नवभारत टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि पार्टी के भीतर एक वर्ग नीतीश कुमार के रुख से असहज है. इन नेताओं ने जदयू प्रमुख को अपने रुख से अवगत भी कराया है. बताया जाता है कि यह दूसरा मौका है, जब पार्टी संसद में मोदी सरकार के खिलाफ गई है. इससे पहले तत्काल तीन तलाक विधेयक पर भी जदयू ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया था. इसके बाद पार्टी नेता गुलाम रसूल बलियावी ने बिहार में एनडीए गठबंधन के अस्तित्व पर सवाल उठाया है. उधर, जदयू महासचिव केसी त्यागी ने कहा है कि किसी मुद्दे पर अलग राय होने से ही गठबंधन को खतरा नहीं होता.

Advertisement

जम्मू-कश्मीर : 500 से अधिक लोग हिरासत में, मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक जारी

जम्मू-कश्मीर में संविधान के अनुच्छेद-370 को निष्प्रभावी करने के बाद कश्मीर में घाटी में अब तक 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है. हिन्दुस्तान की खबर के मुताबिक इनमें नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित आम लोग भी शामिल हैं. वहीं, पत्थरबाजी की छिटपुट घटनाओं को छोड़कर सूबे में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं. प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि ये गिरफ्तारियां एहतियातन की गई हैं. उनके मुताबिक कुछ अन्य लोगों पर नजर रखी जा रही है जो इलाके में माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं. उधर, राज्य के संवेदनशील इलाकों में तीसरे दिन भी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहीं. साथ ही, निषेधाज्ञा (धारा-144) भी लागू रहा.

मुनकाद अली उत्तर प्रदेश बसपा के अध्यक्ष नियुक्त

Advertisement

बसपा सुप्रीमो मायावती ने मुनकाद अली को उत्तर प्रदेश पार्टी इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है. इससे पहले आरएस कुशवाहा इस पद पर थे. दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक मायावती ने पार्टी संगठन नें बड़ा फेर-बदल किया है. उन्होंने श्याम सिंह यादव को लोकसभा में दल का नेता बनाया है. वहीं, आरएस कुशवाहा को राष्ट्रीय महासचिव का पद दिया गया है. इनके अलावा रितेश पाण्डेय को लोकसभा में उपनेता और गिरीश चंद्र जाटव को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है. माना जा रहा है कि इस फैसले से बसपा सुप्रीमो ने सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की है.

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पत्नी साइबर ठगी का शिकार

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर साइबर ठगी का शिकार हुई हैं. राजस्थान पत्रिका के मुताबिक एक हफ्ते पहले ठग ने खुद को एसबीआई बैंक मैनेजर बताकर उन्हें फोन कर एटीएम कार्ड से जुड़ी जानकारी मांगी थी. इसके आगे परनीत कौर से कहा गया कि एक ओटीपी आएगा, उसे भी बता दीजिए ताकि रुपये तुरंत क्रेडिट हो जाएं. ओटीपी बताने के बाद तुरंत ही उनके बैंक खाते से 23 लाख रुपये की निकासी हो गई. परनीत कौर ने पुलिस से इसकी शिकायत की है. इसके बाद पुलिस आरोपित अताउल अंसारी की गिरफ्तारी के लिए झारखंड पहुंची है. उधर, झारखंड के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित को पंजाब भेजने की तैयारी की जा रही है. फिलहाल, आरोपित को ठगी के एक अन्य मामले में जेल भेजा गया है.