महाराष्ट्र की एक फैक्ट्री में सिलेंडर फटने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है. कुछ अन्य मीडिया रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 20 तक बताई गई है. वहीं, न्यूज एजेंसी एएनआई ने बताया कि इस धमाके में कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं. पीटीआई के मुताबिक महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह पौने दस बजे के आसपास धुले जिले की एक केमिकल फैक्ट्री में हुआ.

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक यह फैक्ट्री जिले की शिरपुर तालुका के वघाड़ी गांव में है. घटना के वक्त वहां कम से कम सौ कर्मचारी मौजूद थे. फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस, आपदा प्रबंधन और दमकल विभाग की कई टीमें पहुंची हुई हैं. एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘प्रथम दृष्टया लगता है कि फैक्ट्री में कई सिलेंडरों में विस्फोट हुए हैं. अब तक आठ लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं. बचाव कार्य जारी है.’