स्टीव स्मिथ का खेल इन दिनों किसी चमत्कार सरीखा दिखता है. इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने आजकल चल रही एशेज सीरीज में तीसरा और अपने टेस्ट करियर का 26वां शतक ठोक दिया है. तीसरे शतक को तो वे और आगे ले गए और दोहरा शतक (211) जड़ डाला.

इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज में स्टीव स्मिथ एक साल का प्रतिबंध झेलकर मैदान पर लौटे हैं. यह प्रतिबंध उन पर गेंद से छेड़छाड़ के लिए लगाया गया था. सीरीज में उनका न्यूनतम स्कोर 92 है और वह भी तब है जब इस स्कोर पर उन्हें जोफ्रा आर्चर की बाउंसर ने घायल कर दिया था और उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा था.

Advertisement

महान बल्लेबाज रहे सचिन तेंदुलकर भी स्टीव स्मिथ के मुरीद हो गए हैं. एक ट्वीट में उन्होंने बताया कि क्यों यह बल्लेबाज सबसे अलग है. सचिन तेंदुलकर का कहना था, ‘जटिल तकनीक लेकिन एक व्यवस्थित दिमाग. यही वह चीज है जो स्टीव स्मिथ को बाकियों से अलग करती है.’.

ऑस्ट्रेलिया के लिये सबसे ज्यादा रन बना चुके रिकी पोंटिंग ने इस सीरीज में 500 से भी ज्यादा रन बनाने वाले स्टीव स्मिथ को ‘जीनियस’ कहा है. पीटीआई के मुताबिक रिकी पोंटिंग ने उनके दोहरे शतक पर कहा, ‘एक बार फिर शानदार पारी. वे कोई गलती कर ही नहीं रहे. उनकी एकाग्रता जबर्दस्त है.’ क्रिकेट के सबसे तेज दिमागों में से एक पोंटिंग का यह भी कहना था, ‘पिछली 99 पारियों में वे सिर्फ नौ बार एलबीडब्ल्यू आउट हुए हैं. यानी उन्हें सीधे आउट नहीं किया जा सकता.’

स्टीव स्मिथ ने पिछले सप्ताह भारतीय कप्तान विराट कोहली को पछाड़कर आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है. उधर, आस्ट्रेलियाई मीडिया ने उनके खेल को ‘डान ब्रैडमैन’ जैसा बताया है. वरिष्ठ क्रिकेट लेखक गाइडोन हे ने सिडनी डेली टेलीग्राफ से बातचीत में कहा ,‘हम ऐसे मुकाम पर हैं जहां स्मिथ और ब्रैडमैन का नाम एक ही वाक्य में लिया जा सकता है.’ उनका आगे कहना था कि ‘इस दोहरे शतक ने स्मिथ की महानता फिर साबित कर दी है.’