सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से राष्ट्रहित का ध्यान रखते हए जम्मू-कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल करने को कहा है. उसने कहा है कि उसे इस दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी भी दी जाए. उधर, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट लगा दिया गया है. ये सारी खबरें आज के सभी अखबारों के पहले पन्ने पर हैं. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों ने अचानक 19 फीसदी की छलांग लगा दी है. यह खाड़ी युद्ध के बाद एक दिन में तेल की कीमत में हुई सबसे बड़ी बढ़ोतरी है. इसकी वजह है दुनिया में कच्चे तेल की सबसे बड़ी उत्पादक सऊदी अरामको के तेल संयंत्रों पर ड्रोन हमले. इस खबर को भी अखबारों ने प्रमुखता से जगह दी है.

अयोध्या पर फिर मध्यस्थता की बात

Advertisement

अयोध्या विवाद को मध्यस्थता के जरिये सुलझाने की एक बार फिर बात चली है. दैनिक जागरण के मुताबिक मुकदमे के दो पक्षकारों-उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड और निर्वाणी अखाड़ा ने तीन सदस्यीय मध्यस्थता पैनल को पत्र लिखा है. इसमें फिर से मध्यस्थता प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया गया है. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत न्यायाधीश एफएमआइ कलीफुल्ला की अध्यक्षता वाले इस तीन सदस्यीय पैनल ने अयोध्या मामले की सुनवाई कर रही पांच सदस्यीय संविधान पीठ को पत्र की जानकारी देते हुए निर्देश मांगा है. मध्यस्थता के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश नाकाम रहने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने इस इस मुद्दे पर रोजाना नियमित सुनवाई शुरू की है जो पिछले 24 दिनों से लगातार चल रही है.

राजस्थान में बसपा के सभी छह विधायक कांग्रेस में शामिल

बहुजन समाज पार्टी को तगड़ा झटका लगा है. राजस्थान में उसके सभी छह विधायक सत्ताधारी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं. राजस्थान पत्रिका की खबर के मुताबिक इन विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को विलय पत्र सौंप दिया है. अशोक गहलोत सरकार के पास अब तक 101 विधायक थे यह आंकड़ा बहुमत से सिर्फ एक ज्यादा था. बसपा के और कुछ निर्दलीय विधायक सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे थे. इन विधायकों का कहना है कि उन्होंने जनहित में यह कदम उठाया है.

Advertisement

हिमाचल प्रदेश में सरकार प्लास्टिक कचरा खरीदेगी

प्लास्टिक प्रदूषण पर लगाम लगाने की कोशिश में हिमाचल प्रदेश ने एक नई पहल की है. इसके तहत सरकार ऐसा प्लास्टिक 75 रु प्रति किलो की दर से खरीदेगी जिसे फिर से इस्तेमाल में नहीं लाया जा सकता. द ट्रिब्यून के मुताबिक इस प्लास्टिक को ग्राम पंचायतों और नगर निकायों से खरीदा जाएगा और फिर सड़क बनाने या फिर सीमेंट फैक्ट्रियों में ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा. इस संबंध में एक नीति का मसौदा तैयार किया जा चुका है. हिमाचल प्रदेश एक दशक पहले पॉलिथीन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा चुका है.

राष्ट्रपति ज्यूरिख में तीन घंटे तक फंसे रहे

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को लेकर जा रहे एयर इंडिया वन प्लेन को तकनीकी खराबी के कचले स्विटजरलैंड के ज्यूरिख एयरपोर्ट पर तीन घंटे रुकना पड़ा. हिंदुस्तान के मुताबिक बोइंग 747 विमान राष्ट्रपति कोविंद को ज्यूरिख से स्लोवेनिया लेकर जाने वाला था. लेकिन तकनीकी खामी के बाद एयर इंडिया ने बोइंग 777 विमान को लंदन में तैयार रखा ताकि उसे ज्यूरिख भेजा जा सके. हालांकि एयर इंडिया के इंजीनियरों ने ज्यूरिख में ही इस तकनीकी खामी को दूर कर लिया और राष्ट्रपति स्लोवेनिया के लिए रवाना हो गए. रामनाथ कोविंद नौ सितंबर से आइसलैंड, स्विट्जरलैंड और स्लोवेनिया की यात्रा पर हैं.