कर्नाटक में अयोग्य घोषित कांग्रेस-जेडीएस के पूर्व विधायक भाजपा में शामिल, 13 को उपचुनाव का टिकट भी मिला

कर्नाटक उपचुनाव के लिए भाजपा ने कांग्रेस-जेडीएस के 13 पूर्व विधायकों को उम्मीदवार बनाया है. ये चुनाव पांच दिसंबर को होना है. ये वही विधायक हैं जिन्हें अयोग्य घोषित करने का पूर्व विधानसभा अध्यक्ष का फैसला सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा था. हालांकि शीर्ष अदालत ने उन्हें उपचुनाव लड़ने की इजाजत दे दी थी. ये कुल 17 विधायक थे. इनमें से 15 आज ही भाजपा में शामिल हुए हैं. कर्नाटक पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह के दौरान इन्हें भाजपा की सदस्यता दी गई. इस दौरान मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा भी मौजूद थे. कुछ समय पहले इन विधायकों ने अपनी-अपनी पार्टियों से बगावत कर इस्तीफा दे दिया था. इससे तत्कालीन कांग्रेस-जेडीएस सरकार अल्पमत में आ गई थी. आखिरकार मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को इस्तीफा देना पड़ा था. इसी दौरान तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष रमेश कुमार ने इन विधायकों को अयोग्य ठहरा दिया था.

Advertisement

सुप्रीम कोर्ट ने रफाल सौदे में मोदी सरकार को क्लीन चिट के फैसले पर पुनर्विचार से इनकार किया, भाजपा ने कहा – राहुल गांधी अब देश से माफी मांगें

सुप्रीम कोर्ट ने रफाल मामले में सरकार को क्लीन चिट के उसके फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग करने वाली याचिकाएं खारिज कर दी हैं. मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने ये फैसला सुनाया. अदालत ने कहा कि उसे इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने या जांच का आदेश देने की जरूरत नहीं लगती. फ्रांस के साथ रफाल विमान सौदे को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने दिसंबर 2018 में मोदी सरकार को क्लीन चिट दी थी. इस फैसले पर पुनर्विचार याचिकाओं पर उसने इसी साल मई में सुनवाई पूरी करके फैसला सुरक्षित रख लिया था.

आज ही, शीर्ष अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दाखिल अवमानना याचिका भी खारिज कर दी. उन पर आरोप था कि उन्होंने रफाल मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भ्रम फैलाया. अदालत ने राहुल गांधी को आगे सावधान रहने की चेतावनी भी दी. इसके बाद भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है. पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष को अब पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए.

Advertisement

सबरीमला मामले में अपने फैसले पर पुनर्विचार से जुड़ी याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी पीठ को भेजीं, मस्जिदों में महिलाओं के प्रवेश जैसे अन्य मुद्दों पर फैसला भी यही पीठ करेगी

आज की दूसरी बड़ी खबर भी सुप्रीम कोर्ट से ही है. शीर्ष अदालत ने सबरीमला मामले में अपने फैसले की समीक्षा की मांग करने वाली याचिकाएं सात जजों की बड़ी पीठ के पास भेज दी हैं. उसके मुताबिक मस्जिदों में महिलाओं के प्रवेश और खतना जैसे धार्मिक मुद्दों पर फैसला भी यही पीठ लेगी. सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल केरल के सबरीमाला में 10 से 50 साल के बीच की लड़कियों और महिलाओं के प्रवेश पर लगी रोक हटा दी थी. शीर्ष अदालत ने सदियों से चली आ रही इस धार्मिक प्रथा को गैरकानूनी और असंवैधानिक बताया था.

मूडीज ने भारत की विकास दर का अनुमान घटाया

Advertisement

चर्चित अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज ने इस वित्तीय वर्ष के लिए भारत की विकास दर का अनुमान घटा दिया है. उसने इसे पांच दशमलव छह फीसदी कर दिया है. पहले ये पांच दशमलव आठ फीसदी था. मूडीज ने कहा कि अर्थव्यस्था में मंदी उससे ज्यादा समय तक टिकती दिख रही है जितना पहले सोचा गया था. उसका ये भी कहना था कि भारत में बेरोजगारी बढ़ रही है. अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर बीते कुछ समय से सरकार को लगातार बुरी खबरें मिल रही हैं. इससे पहले खबर आई थी कि औद्योगिक उत्पादन में आई कमी ने आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

परवेज मुशर्रफ का बड़ा बयान, कहा – ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान का हीरो था

पाकिस्‍तान के पूर्व राष्‍ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने एक बड़ा बयान दिया है. एक इंटरव्‍यू में उन्होंने कहा कि ओसामा बिन लादेन और अयमान अल जवाहिरी पाकिस्तान के हीरो हुआ करते थे. परवेज मुशर्रफ का ये भी कहना था कि जम्‍मू-कश्‍मीर में भारतीय सेना के खिलाफ लड़ने के लिए कश्‍मीरियों को मुजाहिदीन बनाने की ट्रेनिंग पाकिस्‍तान में दी गई. पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति ने जिहादी आतंकियों को हीरो बताया. हालांकि उनका कहना था कि वैश्विक हालात बदल जाने के चलते अब ये स्थिति भी बदल गई है. परवेज मुशर्रफ इन दिनों दुबई में निर्वासित जीवन बिता रहे हैं.