महाराष्ट्र में शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है. गठबंधन के नेताओं ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को अपने-अपने विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा है. उनका कहना है कि 288 सदस्यीय विधानसभा में उनके पास 162 विधायक हैं जो बहुमत यानी 145 के आंकड़े से ज्यादा है.

शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस ने यह कदम शनिवार को भाजपा के देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उठाया है. ये तीनों पार्टियां इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट भी पहुंची हैं. उनका कहना है कि देवेंद्र फडणवीस के पास जरूरी विधायक संख्या नहीं है और उन्हें तुरंत बहुमत साबित करने के लिए कहा जाए. इस मामले की अभी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है. खबरों के मुताबिक देवेंद्र फडणवीस ने अदालत में अपने साथ 170 विधायकों का समर्थन होने की बात कही है.

बहुमत परीक्षण की संभावना को देखते हुए एनसीपी, शिवसेना और कांग्रेस ने अपने विधायकों पर पहरे कड़े कर दिए हैं. सभी विधायकों को होटलों में ठहराया गया है जहां उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है.