सोमवार शाम मुंबई के हयात होटल में कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया. इस दौरान होटल में 162 विधायक मौजूद थे.

शक्ति प्रदर्शन के दौरान एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘जो लोग केंद्र में हैं, उन्होंने इससे पहले एक और राज्य (कर्नाटक) में यह काम किया था...कर्नाटक, गोवा, मणिपुर में बहुमत न होते हुए भी इन्होंने शक्ति का दुरुपयोग कर सरकार बनाई. यह उनका इतिहास है. इतिहास अब बदलेगा, जिसकी शुरुआत महाराष्ट्र से होगी.’ पवार का आगे कहना था, ‘हमें बहुमत साबित करने में कोई समस्या नहीं होगी. सदन में शक्ति परीक्षण के दिन मैं 162 से अधिक विधायकों को लाऊंगा. ये कर्नाटक या गोवा नहीं है, यह महाराष्ट्र है.’

Advertisement

इस दौरान एनसीपी के मुखिया शरद पवार पहली बार अपने भतीजे अजित पवार पर भी खुलकर बोले. उन्होंने कहा, ‘उन्हें (अजित पवार) विधायक दल का नेता चुना गया था जिसका उन्होंने दुरुपयोग किया, सबको गुमराह किया. व्हिप का उल्लंघन करने पर कार्रवाई होगी. हमने अजित पवार को निकालने का निर्णय ले लिया है...हमने कानून के विशेषज्ञों से भी सलाह ली है. अजित को निकाले जाने के बाद वह कोई निर्णय नहीं ले सकेंगे.’

एनसीपी प्रमुख ने तीनों पार्टियों के विधायकों को आश्वस्त करते हुए कहा, ‘अब आगे कोई भी फैसला शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी तीनों मिलकर लेंगे. हम महाराष्ट्र की जनता के लिए यहां जुटे हैं. गठबंधन सिर्फ कुछ समय के लिए नहीं, लंबे समय के लिए है.’