शरद पवार के भतीजे और एनसीपी नेता अजित पवार ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने कुछ देर पहले अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंप दिया. अजित पवार के इस्तीफे के बाद महाराष्ट्र की सियासत में एक और मोड़ आ गया है. माना जा रहा है कि उन्होंने यह फैसला सोमवार शाम को हयात होटल में एनसीपी, कांग्रेस और शिवसेना के विधायकों की एकता और उसके बाद आज आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखते हुए लिया है.
सोमवार शाम को मुंबई के हयात होटल में शरद पवार की उपस्थिति में तीनों दलों और निर्दलियों को मिलाकर बहुमत से कहीं ज्यादा 162 विधायक जुटे थे. इस दौरान एनसीपी सुप्रीमो ने कहा था कि विधानसभा में बहुमत साबित करने के दौरान इससे भी ज्यादा विधायक उनके पक्ष में होंगे. उन्होंने अजित पवार पर कार्रवाई करने की बात भी कही थी. इसके बाद आज सुबह सुप्रीम कोर्ट ने अपने निर्णय में कहा कि बुधवार शाम 5 बजे तक देवेंद्र फडणवीस सरकार सदन में बहुमत साबित करे जिसका प्रसारण लाइव हो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाए. साथ ही राज्यपाल से कहा गया कि वे प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति करें.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें