सरकार के 180 दिन : नरेंद्र मोदी ने कहा - देश की एकता और विकास से जुड़े कई फैसले किए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 180 दिन पूरे होने पर कहा है कि उनकी सरकार ने इस दौरान देश के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और एकता को बढ़ावा देने के लिये अनेक निर्णय लिए. नरेंद्र मोदी ने हैशटैग (#) सिक्स मंथ्स ऑफ इंडिया फर्स्ट के साथ एक के बाद एक दो ट्वीट किए. उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के ध्येय से प्रेरित होकर और 130 करोड़ भारतीयों के आर्शीवाद से राजग सरकार नये उत्साह से भारत के विकास और 130 करोड़ भारतीयों के जीवन को सशक्त बनाने के लिये काम करना जारी रखे हुए है.

Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह भी कहना था, ‘छह महीने में हमने अनेक ऐसे फैसले किये जो विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और देश की एकता को मजबूत बनाने वाले थे.’ उन्होंने कहा कि वे आने वाले समय में और भी काफी कुछ करने की इच्छा रखते हैं, ताकि समृद्ध और प्रगतिशील नया भारत बन सके.

महाराष्ट्र : उद्धव ठाकरे ने विश्वासमत हासिल किया

महाराष्ट्र में नए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विश्वासमत हासिल कर लिया है. उन्हें 169 वोट मिले जो बहुमत यानी 145 के आंकड़े से ज्यादा हैं. हालांकि विपक्षी भाजपा के वाकआउट के बीच यह कवायद औपचारिकता भर रह गई थी. महाराष्ट्र विधानसभा के कार्यवाहक अध्यक्ष के विश्वासमत पर गिनती करने का आदेश देने के बाद भाजपा विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया. पार्टी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा का कार्यवाहक अध्यक्ष बदले जाने को गलत बताया. उन्होंने कहा कि भारत में कभी ऐसा नहीं हुआ.

Advertisement

शुक्रवार को भाजपा के कालिदास कोलंबकर को हटाकर एनसीपी के दिलीप वालसे पाटिल को विधानसभा का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस विधायक नाना पटोले सत्ताधारी गठबंधन उम्मीदवार होंगे. उधर, भाजपा ने किशन कथोरे को अपना प्रत्याशी बनाया है. चुनाव रविवार को होगा.

सियाचिन ग्लेशियर में हिमस्खलन, दो सैनिक शहीद

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में सियाचिन ग्लेशियर में शनिवार को हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना के दो जवान शहीद हो गये. भारतीय सेना के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. पीटीआई के मुताबिक श्रीनगर में सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि सेना का गश्ती दल दक्षिणी सियाचिन ग्लेशियर में लगभग 18,000 फुट की ऊंचाई पर गश्त कर रहा था, जब शनिवार तड़के यह हिमस्खलन की चपेट में आ गया.

Advertisement

उन्होंने कहा कि एक हिमस्खलन बचाव दल (एआरटी) तुरंत वहां पहुंचा और टीम के सभी सदस्यों का पता लगाने और उन्हें बाहर निकालने में कामयाब रहा. दल के साथ ही जवानों को बचाने के लिए सेना के हेलीकॉप्टरों की भी सेवाएं ली गयीं. सेना के प्रवक्ता का आगे कहना था, ‘हालांकि, चिकित्सा टीमों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद सेना के दो कर्मियों की जान चली गई.’

शिवसेना ने गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटने पर चिंता जताई

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल और बेटी प्रियंका से एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने पर शिवसेना ने चिंता जताई है. पीटीआई के मुताबिक उसका कहना है कि ऐसे मामलों में राजनीतिक मतभेदों को अलग रखना चाहिए और किसी को भी किसी की जिंदगी से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए. महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए इस सप्ताह कांग्रेस और एनसीपी से हाथ मिलाने वाली शिवसेना ने पूछा है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय में किसे लगता है कि गांधी परिवार पर खतरा कम हो गया है. पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अनुरोध किया कि वे इस मामले पर विचार करें. नरेंद्र मोदी अभी अकेले शख्स हैं जिनके पास एसपीजी की सुरक्षा है.

Advertisement

केंद्र ने इस महीने की शुरुआत में गांधी परिवार का विशेष रक्षा समूह (एसपीजी) का सुरक्षा घेरा हटा दिया था. इसके बजाय उन्हें सीआरपीएफ का ‘जेड प्लस’ सुरक्षा घेरा दिया गया है.

संयुक्त राष्ट्र जलवायु शिखर सम्मेलन से पहले भारत से लेकर यूरोप और अमेरिका तक प्रदर्शन

संयुक्त राष्ट्र जलवायु शिखर सम्मेलन से पहले वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी के खिलाफ नए सिरे से कदम उठाने और विश्व नेताओं पर दबाव बनाने के लिए यूरोप और एशिया में लाखों लोग सड़कों पर उतरे. पीटीआई के मुताबिक दिल्ली में करीब 50 स्कूलों और कॉलेज के छात्रों ने हाथ में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए पर्यावरण मंत्रालय की ओर मार्च किया. साथ ही उन्होंने सरकार से पर्यावरण आपातकाल घोषित करने की मांग भी की.

Advertisement

जर्मनी की राजधानी बर्लिन के मशहूर स्थल ‘ब्रांडेनबर्ग गेट’ पर भी हजारों लोग तख्तियां लिए नजर आए. इन पर लिखा था, ‘एक ग्रह, एक लड़ाई.’ ‘फ्राइडेस फॉर फ्यूचर’ नाम के के ताजा प्रदर्शन में जर्मनी के 500 से अधिक शहरों में करीब साढ़े छह लाख लोगों ने प्रदर्शन किया और बढ़ते तापमान के खिलाफ आवाज उठाई. स्पेन के मैड्रिड में 17,00 लोग इकट्ठा हुए. यहीं अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र के सम्मेलन का आयोजन होगा. यह आयोजन दो से 13 दिसंबर तक चलेगा. भारत की तरफ से इसमें केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर हिस्सा लेंगे.

देश और दुनिया की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें.