संसद भवन की कैंटीन में खाने पर मिलने वाली सब्सिडी खत्म होगी

संसद भवन की कैंटीन में खाने पर मिलने वाली सब्सिडी खत्म होने वाली है. ये फैसला अगले सत्र से लागू किया जा सकता है. बताया जा रहा है कि ये फैसला लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सुझाव के बाद लिया गया है. सभी सांसदों ने इससे जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. बताया जाता है कि सांसदों के खाने की सब्सिडी पर सालाना 17 करोड़ रुपये का बिल आता है. 2016 में मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान संसद की कैंटीन में मिलने वाले खाने के दाम बढ़ाए गए थे. इससे पहले ऐसा कदम छह साल पहले उठाया गया था.

Advertisement

जमानत पर छूटते ही पी चिदंबरम का मोदी सरकार पर हमला, कहा – जीडीपी साढ़े चार फीसदी पर आ गई, ये अच्छे दिन हैं

कल जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद आज पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने अर्थव्यवस्था को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. पी चिदंबरम ने कहा कि आठ फीसदी से गिरकर जीडीपी 4.5 पर आ गई है जो सरकार के अच्छे दिन हैं. पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अर्थव्यवस्था को लेकर खामोश हैं और उन्होंने इस मामले में झांसा देने का काम अपने मंत्रियों पर छोड़ दिया है. उनका ये भी कहना था कि अगर बीमारी की पहचान नहीं होगी तो इलाज भी गलत होगा.

उधर, भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी पी चिदंबरम के बयान पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता जेल से बाहर आ रहे हैं, कुछ जेल में हैं और कुछ बेल पर घूम रहे हैं. प्रकाश जावड़ेकर का कहना था कि ये कोई स्वतंत्रता सेनानी नहीं बल्कि अपराधी हैं.

Advertisement

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक बलात्कार पीड़िता को जिंदा जलाने की कोशिश, पांचों आरोपित गिरफ्तार

महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों का सिलसिला जारी है. ताजा मामले में उत्तर प्रदेश में एक बलात्कार पीड़िता को जिंदा जलाने की कोशिश की गई. ये घटना उन्नाव की है. पीड़िता अपने मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट जा रही थी. फिलहाव वो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. मामले में पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इनमें बलात्कार का आरोपित एक शख्स भी शामिल है. इस घटना की गूंज आज संसद में भी सुनाई दी. राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने कहा कि ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई होनी चाहिए. ये घटना ऐसे समय पर हुई है जब हैदराबाद की एक डॉक्टर के साथ सामूहिक बलात्कार के बाद उसकी हत्या को लेकर देश भर में आक्रोश है.

आरबीआई ने ब्याज दरों में कटौती का सिलसिला रोका, आर्थिक वृद्धि के अनुमान को घटाकर पांच फीसदी किया

Advertisement

रिजर्व बैंक ने इस बार उद्योग और पूंजी बाजार की उम्मीदों को झटका दिया है. उसने नीतिगत ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है. आर्थिक वृद्धि सुस्त होने के बावजूद केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट को पांच दशमलव एक पांच फीसदी पर बरकरार रखा है. इससे पहले लगातार पांच बार उसने रेपो रेट में कटौती की थी. रेपो रेट वो ब्याज दर होती है जिस पर बैंक आरबीआई से नकदी हासिल करते हैं. केंद्रीय बैंक ने इस वित्त वर्ष के लिये आर्थिक वृद्धि के अपने अनुमान को घटाकर पांच फीसदी कर दिया है. अप्रैल में पेश पहली मौद्रिक समीक्षा में ये आंकड़ा सात दशमलव दो फीसदी रखा गया था.

नाइजीरिया में एक समुद्री जहाज से 18 भारतीयों का अपहरण

नाइजीरिया के पास समुद्री लुटेरों ने एक जहाज में सवार 18 भारतीयों का अपहरण कर लिया है. समुद्री घटनाओं पर नजर रखने वाली एक वैश्विक एजेंसी ने ये जानकारी दी है. इसके बाद नाइजीरिया में स्थित भारतीय मिशन ने इन सभी को बचाने के लिए स्थानीय सरकार से संपर्क किया है. ये घटना बीते मंगलवार की बताई जा रही है. जहाज से कुल मिलाकर 19 लोगों को अगवा किया गया है. इस इलाके में समुद्री लुटेरे काफी सक्रिय हैं. इनके खिलाफ कई देश समय-समय पर अभियान चलाते रहते हैं.