डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग को मंजूरी मिली
अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेन्टेटिव्स ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग को मंजूरी दे दी है. अब ये मामला अगले महीने संसद के ऊपरी सदन यानी सेनेट में जाएगा. हालांकि वहां रिपब्लिकन सांसदों का नियंत्रण है. इसलिए संभावना बहुत कम है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके पद से हटाया जा सकेगा. अमेरिकी इतिहास में डोनाल्ड ट्रंप ऐसे तीसरे राष्ट्रपति हैं जिनके खिलाफ महाभियोग को मंजूरी दी गई है. हालांकि वहां अभी तक किसी भी राष्ट्रपति को महाभियोग की प्रक्रिया से नहीं हटाया जा सका है. डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में अपने संभावित प्रतिद्वंदी जो बिडेन की छवि खराब करने के लिए यूक्रेन से गैरकानूनी रूप से मदद मांगी.
नए नागरिकता कानून के खिलाफ दिल्ली और मुंबई सहित देश के कई शहरों में प्रदर्शन, रामचंद्र गुहा और योगेंद्र यादव को हिरासत में लिया गया
नए नागरिकता कानून के खिलाफ आज दिल्ली और मुंबई सहित देश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. पुलिस ने बहुत से प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है. इनमें चर्चित इतिहासकार रामचंद्र गुहा और स्वराज्य अभियान पार्टी के नेता योगेंद्र यादव शामिल हैं. विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में धारा 144 लगा दी गई है. इसके तहत चार या इससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लग जाती है. दिल्ली के कई हिस्सों में भी यह धारा लगाई गई है. इसके अलावा राजधानी के कई इलाकों में आज कुछ समय के लिए फोन, एसएमएस और इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गईं. इसके अलावा मेट्रो और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा. उधर, उत्तर प्रदेश के लखनऊ और संभल में प्रदर्शनकारियों द्वारा आगजनी की खबर है.
नए नागरिकता कानून का देश के कई हिस्सों में तीखा विरोध हो रहा है. इसके तहत पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए गैर मुस्लिमों को आसानी से भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान है.
नागरिकता कानून को लेकर उद्धव ठाकरे का मोदी सरकार पर निशाना, कहा - हिंदू शरणार्थियों को कहां रखेंगे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने नए नागरिकता कानून को लेकर केंद्र में सत्ताधारी भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने सवाल किया कि सरकार बाहर से आने वाले हिंदू शरणार्थियों को देश में कहां और कैसे बसाने वाली है. उद्धव ठाकरे ने यह बात महाराष्ट्र विधानसभा में कही. उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना ने लोकसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक का समर्थन किया था. लेकिन राज्यसभा में इस पर मतदान के दौरान उसने सदन से वाकआउट किया. उद्धव ठाकरे ने कहा था कि पार्टी को नए कानून पर उसके सवालों का कोई साफ जवाब नहीं मिला है.
निर्भया केस के एक दोषी को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका, उसे नाबालिग बताने वाली याचिका खारिज की
निर्भया केस के एक दोषी को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका लगा है. हाई कोर्ट ने पवन कुमार नाम के इस दोषी की याचिका खारिज कर दी है. अदालत ने उसके वकील पर 25 हज़ार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. पवन कुमार ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया था कि दिसंबर 2012 में जब ये घटना हुई थी तो वो नाबलिग था. इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले के एक दोषी की पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी थी.. दोषी की दलील थी कि उसके खिलाफ मीडिया ट्रायल हुआ है और फांसी की सजा के लिए सामाजिक दबाव है. 2012 के इस मामले में छह लोग दोषी पाए गए थे. चार दोषियों को मौत की सजा सुनाई जा चुकी है. एक दोषी नाबालिग था जो अपनी सजा पूरी कर चुका है. वहीं एक अन्य दोषी ने जेल में ही आत्महत्या कर ली थी.
भारत औक अमेरिका रक्षा सहयोग बढ़ाने और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई पर सहमत
भारत और अमेरिका आपसी सहयोग और रक्षा व्यापार बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं. दोनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक संघर्ष के लिए भी रजामंदी जताई है. ये सहमति दोनों देशों के बीच दूसरी ‘टू प्लस टू’ वार्ता के दौरान बनी. ये बातचीत वाशिंगटन में हुई. इसमें अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो और रक्षा मंत्री मार्क एस्पर के साथ भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल हुए. बैठक के बाद माइक पॉम्पियो ने कहा कि दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष, रक्षा और औद्योगिक समन्वय जैसे क्षेत्रों में नए समझौते हुए हैं. अमेरिकी विदेश मंत्री ने अफगानिस्तान का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान का भविष्य दोनों देशों के लिए अहम है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें