अर्थव्यवस्था को लेकर अरविंद सुब्रमण्यम ने एक बार फिर चेताया, कहा - ये सामान्य आर्थिक संकट नहीं है बल्कि हालात बहुत गंभीर हैं
नरेंद्र मोदी सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार रहे अरविंद सुब्रमण्यम ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि भारत सामान्य आर्थिक संकट की चपेट में नहीं है, बल्कि स्थिति बहुत गंभीर है. अरविंद सुब्रमण्यम के मुताबिक अर्थव्यवस्था के मुख्य संकेतकों की वृद्धि दर या तो नकारात्मक है या फिर उनमें नाममात्र की वृद्धि है. उनका ये भी कहना था कि निवेश से लेकर आयात-निर्यात तक हर मोर्चे पर मंदी है. अरविंद सुब्रमण्यम के मुताबिक इसके चलते लोगों की आय भी घटी है और सरकार को मिलने वाला राजस्व भी. अरविंद सुब्रमण्यम दुनिया के चर्चित अर्थशास्त्रियों में शुमार हैं. नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वे तीन साल तक मुख्य आर्थिक सलाहकार रहे थे.
नागरिकता कानून को लेकर हुई हिंसा पर जनरल बिपिन रावत का बड़ा बयान, कहा - नेता वो नहीं होता जो लोगों को गलत रास्ते पर ले जाए
नए नागरिकता कानून के विरोध में हुई हिंसा को लेकर सेना प्रमुख बिपिन रावत ने एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि नेता वो नहीं होता जो लोगों को हिंसा और आगजनी के रास्ते पर ले जाए. जनरल बिपिन रावत ने ये बात दिल्ली में एक कार्यक्रम में कही. नए नागरिकता कानून के विरोध में बीते हफ्ते बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी. देश के अलग-अलग हिस्सों में हुई इस हिंसा में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई. इनमें से ज्यादातर मौतें उत्तर प्रदेश में हुईं.
सेना प्रमुख के इस बयान पर विवाद भी हो गया है. कांग्रेस ने इस बयान को संवैधानिक लोकतंत्र के खिलाफ बताया है. पार्टी का कहना है कि अगर सेना प्रमुख को राजनीतिक मामलों में बोलने की इजाजत दी जाती है तो भविष्य में देश में सैन्य तख्तापलट भी हो सकता है. उधर, एआईएमआईएम मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने जनरल रावत को नसीहत दी है. उन्होंने कहा है कि नेतृत्व का मतलब अपने पद की सीमाएं जानना भी होता है.
अमित शाह ने नागरिकता कानून के विरोध में हुई हिंसा को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा, उस पर लोगों को गुमराह कराने का आरोप लगाया
नए नागरिकता कानून को लेकर हुई हिंसा के लिए गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस की अगुवाई वाले विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि लोगों को गुमराह करके राजधानी दिल्ली का शांतिपूर्ण माहौल खराब किया गया. अमित शाह ने ये बात दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कही. नागरिकता कानून के विरोध में बीते दिनों दिल्ली के जामिया और सीलमपुर इलाकों में हिंसा हुई थी. अमित शाह ने दावा किया कि जल्द होने वाले विधानसभा चुनावों में राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी. पिछले चुनाव में पार्टी की करारी हार हुई थी. वो दिल्ली की 70 सीटों में सिर्फ तीन जीत सकी थी. अमित शाह ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में राज्य की सातों सीटें जीतने वाली भाजपा यही प्रदर्शन विधानसभा चुनाव में भी दोहराएगी.
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने आईसीसी रैंकिंग को पूरी तरह से बकवास बताया
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने आईसीसी की रैंकिंग प्रणाली की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि ये पूरी तरह से बकवास है. भारत आईसीसी की मौजूदा टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज है. उसके बाद न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया का नंबर आता है. क्रिकेटर से कमेंटेटर बने माइकल वॉन ने कहा कि न्यूजीलैंड और इंग्लैंड अपनी जगह के हकदार नहीं हैं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने इसकी वजह पिछले दो साल में उनके प्रदर्शन को बताया.
चक्रवाती तूफान ‘फनफोन’ से फिलीपींस में भारी तबाही, 16 लोगों की मौत
फिलीपींस में भीषण तूफान ‘फनफोन’ के कारण कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई. ये सभी मौतें मध्य फिलीपींस में हुईं. 15 हजार से ज्यादा लोग राहत शिविरों में हैं. करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए इस तूफान ने दूरदराज के गांवों और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में तबाही मचा दी. मकानों की छतें उड़ गईं और बिजली की आपूर्ति ठप हो गई. मध्य फिलीपींस में इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं अब भी बंद हैं. तूफान के चलते चलते लाखों लोगों के क्रिसमस के जश्न पर विराम लग गया.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें