महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे कैबिनेट के विस्तार के बाद एनसीपी के एक विधायक ने इस्तीफा दे दिया है. बीड जिले की मजलगांव सीट से विधायक प्रकाश सोलंकी ने कहा कि वे राजनीति के योग्य नहीं हैं. वे मजलगांव से चार बार विधायक चुने जा चुके हैं. प्रकाश सोलंकी ने कहा कि अब वे राजनीति से दूर रहेंगे. वे आज विधानसभा अध्यक्ष से मिलेंगे और उन्हें अपना इस्तीफा सौंप देंगे. प्रकाश सोलंकी इस बात से इनकार किया है कि उनके इस फैसले का कैबिनेट में उन्हें जगह न मिलने से कोई संबंध है.

वैसे महाराष्‍ट्र में कैबिनेट विस्‍तार के बाद शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के कई विधायकों में असंतोष की चर्चा है. कल हुए इस विस्‍तार के दौरान शिवसेना सांसद संजय राउत मौजूद नहीं थे. कहा जा रहा है कि वे अपने भाई सुनील राउत को मंत्री न बनाए जाने से नाराज हैं. हालांकि संजय राउत ने इससे इनकार किया है.

Advertisement

उधर, कांग्रेस के कई विधायकों के भी नाराज होने की खबरें हैं. इनमें पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण भी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि ऐसे छह विधायकों ने कल पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और उन्हें अपनी चिंताओं से अवगत कराया.

कल उद्धव ठाकरे की कैबिनेट के विस्तार में 36 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई थी. अजित पवार ने महाराष्ट्र के उप मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली. 288 सदस्‍यों वाली राज्य विधानसभा में शिवसेना के 56 विधायक हैं जबकि एनसीपी के लिए यह आंकड़ा 54 और कांग्रेस के लिए 44 है.