विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के बाद अब महिला जयवर्धने ने भी चार दिनों के टेस्ट मैच का विरोध किया

आईसीसी की क्रिकेट समिति के सदस्य महेला जयवर्धने ने कहा है कि टेस्ट मैचों को पांच दिन का ही रहना चाहिए. ये समिति अपनी अगली बैठक में टेस्ट मैचों को चार दिवसीय करने के प्रस्ताव पर चर्चा करेगी. ये बैठक दुबई में 27 से 31 मार्च तक होनी है. श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने ने कहा कि वे निजी तौर पर टेस्ट फॉर्मेट में किसी भी बदलाव के खिलाफ हैं. इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और दिग्गज बल्लेबाज रहे सचिन तेंदुलकर ने भी यही बात कही थी.

Advertisement

ईरान का अमेरिका पर पलटवार, दो सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले में 80 अमेरिकी सैनिक मार गिराने का दावा दिया

ईरान ने एक मिसाइल हमले में 80 अमेरिकी सैनिकों को मार गिराने का दावा किया है. उसने ये हमले अपने पड़ोसी इराक में स्थित दो सैन्य ठिकानों पर किए. ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला खमेनई ने इसे अमेरिका के मुंह पर तमाचा बताया है. ईरान ने ये कार्रवाई बीते हफ्ते अपने सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी के मारे जाने के बाद की है. जनरल सुलेमानी को अमेरिका ने इराक की राजधानी बगदाद में एक ड्रोन हमले में मार गिराया था. अमेरिका ने ईरान के इस सैन्य कमांडर पर लंदन से लेकर दिल्ली तक आतंकी हमलों की साजिश का आरोप लगाया था. इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की धमकी दी थी. आज की कार्रवाई को उसने आत्मरक्षा की कवायद बताया है. उधर, अमेरिका ने इस हमले की पुष्टि की है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

बढ़ते तनाव के बीच ईरान में बड़ा विमान हादसा, 176 लोगों की मौत, भारत सहित कई देशों ने अपनी विमानन कंपनियों से रूट बदलने को कहा

Advertisement

आज ईरान की राजधानी तेहरान में एक बड़ा विमान हादसा हो गया. यूक्रेन का एक विमान उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद क्रैश हो गया. उसमें सवार सभी 176 लोगों की मौत हो गई. इनमें से ज्यादातर ईऱानी नागरिक ही थे. इसकी वजह तकनीकी गड़बड़ी बताई जा रही है. हालांकि कुछ रिपोर्टों में यह आशंका भी जताई जा रही है कि विमान को गलती से एक ईरानी मिसाइल ही जा लगी. इसके बाद यूक्रेन ने फिलहाल ईरान से विमानों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है. उधर, भारत सहित कई देशों ने अपनी विमानन कंपनियों को ईरान और इराक का एयरस्पेस इस्तेमाल न करने को कहा है. दूसरी तरफ, अमेरिका ने अपनी विमानन कंपनियों की उड़ानों के लिए खाड़ी क्षेत्र का एयरस्पेस प्रतिबंधित कर दिया है.

मजदूर संघों के भारत बंद का कई राज्यों पर बड़ा असर, बैकिंग और परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं

देश के सभी प्रमुख मजदूर संघों के भारत बंद का आज कई राज्यों में व्यापक असर देखने को मिला. राजस्थान से लेकर असम और पंजाब से लेकर केरल तक कई जगहों पर बैंकिंग और परिवहन सेवाएं प्रभावित रहीं. मजदूर संघों का आरोप है कि सरकार नए इंडस्ट्रियल रिलेशन कोड बिल के जरिये श्रम कानून में बदलाव करके उनके अधिकार कम कर रही है. इसके अलावा वे न्यूनतम मजदूरी 21 हजार रुपये प्रति महीना करने की मांग कर रहे हैं. साथ ही मजदूर संघ रेलवे, पेट्रोलियम, रक्षा और बीमा क्षेत्र के निजीकरण का भी विरोध कर रहे हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस बंद को अपना समर्थन दिया है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों ने भयावह बेरोजगारी पैदा की है.

Advertisement

मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड में नया मोड़, सीबीआई ने कहा - मृत बताई गई 35 बच्चियां जिंदा हैं

बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में एक नया मोड़ आ गया है. सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में इस मामले में एक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की है. इसमें उसने कहा है कि इस आश्रय गृह में बच्चों की हत्या के कोई सबूत नहीं मिले. उसका ये भी कहना है कि जिन 35 लड़कियों को मरा मान लिया गया था वे बाद में जिंदा मिलीं. मुजफ्फरपुर बालिका गृह में यौन शोषण का मामला मई 2018 में सामने आया था. तब एक चर्चित संस्था ने यहां की बच्चियों से बातचीत कर एक रिपोर्ट तैयार की थी. इसके बाद पुलिस जांच में कई लड़कियों के गायब होने का खुलासा भी हुआ. बीते साल सीबीआई ने इस बालिका गृह को चलाने वाले एनजीओ के मुखिया ब्रजेश ठाकुर समेत 21 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था. उसने सुप्रीम कोर्ट को ये भी बताया था कि कई बच्चियों की हत्या कर दी गई है.