उमर अब्दुल्ला पर लगे पीएसए को उनकी बहन ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, इसे संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताया

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर जन सुरक्षा अधिनियम यानी पीएसए लगाए जाने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. उनकी बहन सारा अब्दुल्ला पायलट ने इस कानून के तहत उनकी हिरासत को शीर्ष अदालत मेंचुनौती दी है. उनका कहना है कि ये उमर अब्दुल्ला के संवैधानिक अधिकारों पर हमला है. सारा ने इसे राजनीतिक विरोधियों को कुचलने की साजिश भी बताया है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वो इस याचिका पर विचार करेगा. उमर अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर की एक और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती बीते अगस्त से हिरासत में थे. इसकी अवधि बीते गुरुवार को खत्म हो गई. इसके बाद उन पर पीएसए लगा दिया गया. यानी अब उनकी हिरासत को बिना किसी मुकदमे के तीन महीने से एक साल तक बढ़ाया जा सकता है.

Advertisement

शाहीन बाग में चल रहे धरने पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी, कहा –आम लोगों की आवाजाही का रास्ता अनिश्चितकाल तक नहीं रोका जा सकता

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में चल रहे धरने पर सख्त टिप्पणी की है. शीर्ष अदालत ने कहा कि आम लोगों की आवाजाही के रास्ते में ऐसा प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक जारी नहीं रखा जा सकता. अदालत का ये भी कहना था कि हर कोई ऐसे प्रदर्शन करने लगे तो क्या होगा. सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक प्रदर्शन को लेकर एक जगह सुनिश्चित होनी चाहिए. अदालत ने इस धरने के दौरान ठंड से चार महीने के एक बच्चे की मौत पर नाराजगी भी जताई. सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस को नोटिस भी जारी किया है.. मामले की अगली सुनवाई 17 फरवरी को होगी.

सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर शाहीन बाग के बंद पड़े रास्‍ते को खुलवाने की मांग की गई है. इसमें कहा गया है कि धरने और प्रदर्शन से आम लोगों को बहुत दिक्‍कतों का सामना करना पड़ रहा है. याचिकाकर्ता के मुताबिक इससे न केवल लोग कई कई घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं, बल्कि ईंधन की बर्बादी और प्रदूषण भी हो रहा है.

Advertisement

दिल्ली के गार्गी कॉलेज में छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ा, पुलिस ने एफआईआर दर्ज की

दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में एक समारोह के दौरान छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला तूल पकड़ रहा है. सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने इसका संज्ञान लिया है. दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल इस मामले को लेकर आज गार्गी कॉलेज भी पहुंचीं. बीती छह फरवरी को इस कॉलेज में वार्षिक उत्सव हो रहा था. तभी बाहरी लोगों की भीड़ कॉलेज का गेट तोड़कर भीतर घुस गई. इस दौरान छात्राओं से छेड़छाड़ की गई. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. इसके अलावा ये मुद्दा लोकसभा में भी गूंजा. फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.

छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ से मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया, दो जवान शहीद

Advertisement

छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ और नक्सलवादियों के बीच हुई एक मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया. मुठभेड़ में दो जवान भी शहीद हो गए जबकि चार अन्य घायल हो गए. ये मुठभेड़ राज्य के बीजापुर जिले में हुई. सुरक्षा बल यहां नक्सलविरोधी अभियान चला रहे थे. इसी दौरान जंगल में छिपे नक्सलियों ने उन पर हमला कर दिया. मौके से काफी हथियार भी बरामद हुए हैं. इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है.

कोरोना वायरस से मौतों का आंकड़ा 900 से ऊपर पहुंचा

चीन में विकराल रूप लेते जा रहे कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 902 हो चुकी है. इस वायरस से 40 हजार से ज्यादा लोग पीड़ित हैं. भारत सहित कई देशों ने इसके चलते चीन पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिए हैं. उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को एक चिट्ठी लिखी है. इसमें उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत पर शोक जताया है. साथ ही, उन्होंने इस समस्या से निपटने के लिए भारत की तरफ से मदद की पेशकश की है. प्रधानमंत्री की इस पेशकश पर चीन ने उन्हें शुक्रिया कहा है. उसका ये भी कहना है कि नरेंद्र मोदी का ये कदम दोनों देशों के रिश्तों को दिखाता है.