‘मैं बहुत खुश नहीं हूं.’
— आशा देवी, निर्भया की मां
निर्भया की मां की यह प्रतिक्रिया आज इस मामले के दोषियों के लिए तीसरा डेथ वारंट जारी होने के बाद आई. इसके मुताबिक उन्हें तीन मार्च को फांसी दी जानी है. इससे पहले कानूनी प्रावधानों के चलते यह दो बार टल चुकी है. आशा देवी ने उम्मीद जताई कि इस बार इस सजा पर अमल हो जाएगा.
‘कोई कितना भी विरोधी हो, वो उन्हें नकार नहीं सकता.’
— मोहन भागवत, संघ प्रमुख
मोहन भागवत ने यह बात महात्मा गांधी के बारे में कही. दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने यह भी कहा कि गांधी भारत की आवाज थे जिन्हें अपने हिंदू होने पर कभी लज्जा नहीं हुई.
‘जो भी काम देंगे करूंगा, यहां तक कि झाड़ू लगाने का काम दें तो करूंगा.’
— बाबूलाल मरांडी, भाजपा नेता
बाबूलाल मरांडी ने यह बात अपनी पार्टी झारखंड विकास मोर्चा के भाजपा में विलय के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कही. झारखंड के पहले मुख्यमंत्री की 14 साल भाजपा में वापसी हुई है. इस विलय के मौके पर गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें