सुप्रीम कोर्ट कपिल मिश्रा सहित कई भाजपा नेताओं के खिलाफ दायर याचिका की सुनवाई करेगा
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हिंसा को लेकर कपिल मिश्रा सहित कई भाजपा नेताओं के खिलाफ दायर एक याचिका सुनवाई के लिए स्वीकार कर ली है. हिंसा के पीड़ितों की तरफ से दायर इस याचिका में इन नेताओं पर एफआईआर के लिए निर्देश देने की मांग की गई है. याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि इन नेताओं के भड़काऊ भाषणों ने ही दिल्ली में हिंसा फैलाई. याचिका पर सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश एसए बोबडे ने कहा कि अदालत भी शांति चाहती है, लेकिन उसकी कुछ सीमाएं हैं. उनका कहना था कि कोर्ट तभी कोई आदेश दे सकता है, जब कोई घटना हो चुकी हो. मामले की अगली सुनवाई चार मार्च को होगी.
दिल्ली हिंसा का मुद्दा आज संसद में भी गूंजा, हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्रवाई कल तक के लिए स्थगित
दिल्ली में हुई हिंसा की गूंज आज संसद में भी सुनाई दी. बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन दोनों सदनों में इस मुद्दे को लेकर खूब हंगामा हुआ. विपक्ष ने सरकार पर अपनी जिम्मेदारी ठीक से न निभाने का आरोप लगाया. कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि सरकार की शांति बहाल करने में कोई दिलचस्पी नहीं थी, क्योंकि अगर ऐसा होता तो लगातार तीन दिन तक हिंसा नहीं होती. लोकसभा में भी विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा. उधर, सरकार ने उसके आरोपों को खारिज किया. संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि जिनके कार्यकाल में 1984 के दंगे हुए वो आज हंगामा कर रहे हैं. हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्रवाई कल तक के लिए स्थगित कर दी गई. दिल्ली में बीते हफ्ते हुई हिंसा में मरने वालों का आंकड़ा 45 हो चुका है.
निर्भया मामले के दोषियों की फांसी फिर टली
पटियाला हाउस कोर्ट ने निर्भया गैंगरेप मर्डर के सभी दोषियों की कल होने वाली फांसी की सजा पर रोक लगा दी है. कोर्ट ने सभी दोषियों की फांसी पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगा दी है. पटियाला हाउस कोर्ट ने फांसी की सजा को इसलिए टाल दिया क्योंकि चारों में एक दोषी पवन की दया याचिका राष्ट्रपति के पास लंबित है. कोर्ट ने कहा कि ऐसे में जब पवन कुमार गुप्ता की दया याचिका लंबित है, फांसी नहीं दी जा सकती. ऐसा तीसरी बार हुआ जब दोषियों की फांसी पर रोक लगी है. बता दें कि सबसे पहले 22 जनवरी को फांसी की तारीख मुकर्रर हुई थी. इसके बाद एक फरवरी को फांसी की तारीख तय की गई थी. हालांकि दोषियों के वकील ने कानूनी दांवपेच लगाकर इसे रद्द करवा दिया गया था.
वनडे के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी भारत का सूपड़ा साफ
न्यूजीलैंड ने वनडे सीरीज के बाद टेस्ट सीरीज में भी भारत का सूपड़ा साफ कर दिया है. क्राइस्टचर्च में हुए सीरीज के दूसरे और आखिरी मैच में उसने भारतीय टीम को सात विकेट से हरा दिया. जीत के लिए न्यूजीलैंड को 132 रन का आसान सा लक्ष्य मिला था, जिसे उसने 36 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया. पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड ने भारत को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी थी. इसी के साथ भारत का न्यूजीलैंड दौरा भी समाप्त हो गया. उसने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 5-0 से जीत दर्ज की थी. लेकिन न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी करते हुए वनडे और टेस्ट सीरीज में मेहमान टीम को धूल चटा दी.
कोरोना वायरस से ईरान में 54 लोगों की मौत, इटली में 34 की जान गई
चीन में कोरोना वायरस का संक्रमण कुछ कम होता दिख रहा है तो बाकी दुनिया में ये तेजी से बढ़ने लगा है. अब तक इससे होने वाली कुल मौतों का आंकड़ा तीन हज़ार के पार पहुंच गया है. ईरान में कोरोना वायरस अब तक 54 जिंदगियां लील चुका है. दक्षिण कोरिया के लिए ये आंकड़ा 21 है तो इटली में कोरोना वायरस से 34 लोगों की जान चली गई है. अमेरिका में इससे दो मौतों की खबर है. दुनिया भर में कोरोना वायरस से 90 हजार लोग पीड़ित हैं. भारत में भी इसके दो नए मामले सामने आने की खबर है. कोरोना वायरस का अभी अलग से कोई इलाज नहीं है. न ही इससे बचाव का कोई टीका बना है. डॉक्टर फिलहाल मरीजों के लक्षणों के आधार पर ही उनका इलाज कर रहे हैं जो फ्लू से मिलते-जुलते हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें