प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी ही देर में केंद्रीय मंत्रिमंडल (कैबिनेट) के साथ एक बैठक करने वाले हैं. सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि इसमें कुछ ऐतिहासिक फैसले हो सकते हैं. कैबिनेट की बैठक से पहले रक्षा और आर्थिक मामलों की केंद्रीय समितियों की बैठक भी होगी. इसमें चीन के साथ सीमा पर तनाव और अर्थव्यवस्था के हालात की समीक्षा होगी. चीन और भारत की सेना के बीच लद्दाख और सिक्किम से सटी सीमा पर लगातार झड़पें हो रही हैं. उधर, अर्थव्यवस्था की सुस्ती और लॉकडाउन के चलते अकेले अप्रैल में ही करीब 12 करोड़ लोगों की नौकरी जाने का अनुमान लगाया गया है.

कोरोना वायरस संकट के चलते घोषित लॉकडाउन का पांचवां चरण आज से शुरू हो गया है. इसके तहत कंटेनमेंट जोन वाले इलाकों में 30 जून तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है. बाकी इलाकों में चरणबद्ध तरीके से वे गतिविधियां फिर से शुरू की जाएंगी जिन पर पाबंदी लगी हुई थी. पहले चरण में आठ जून से धार्मिक स्थल और पूजा-अर्चना के केंद्र, होटल, रेस्टोरेंट, हॉस्पिटैलिटी से जुड़े क्षेत्र और शॉपिंग माल्स खोले जाएंगे. सरकार इसे अनलॉक चरण एक कह रही है.

Advertisement

आठ जून से एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने के लिए अलग से किसी अनुमति या पास की जरूरत भी नहीं होगी. केंद्र के मुताबिक अगर कोई राज्य या केंद्र शासित प्रदेश अब भी इस पर कोई प्रतिबंध लगाना चाहता है तो उसे पहले इस फैसले की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी. यात्रियों को उचित दूरी बरतने और मास्क लगाने जैसी सावधानियां रखनी होंगी.

दूसरे चरण में स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थानों, ट्रेनिंग सेंटरों और कोचिंग सेंटरों को खोला जाएगा. शैक्षणिक संस्थानों को जुलाई से खोलने को लेकर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अभिभावकों और अन्य संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श करेंगे. तीसरे चरण में हालात का जायजा लेने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों, मेट्रो सेवाओं, सिनेमा हॉल्स आदि को शुरु करने का फैसला होगा.