प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत की. सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक करीब 25 मिनट की इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-चीन सीमा पर तनाव और अमेरिका में चल रहे नस्लभेद विरोधी प्रदर्शनों तक तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई. डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 में भारत सहित अन्य महत्वपूर्ण देशों को शामिल करने के लिए इसका विस्तार करने की इच्छा जताई. इस संदर्भ में उन्होंने अमेरिका में आयोजित होने वाले अगले जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न्योता भी दिया.

डोनाल्ड ट्रंप ने बीते हफ्ते कहा था कि वे भारत और चीन के बीच सीमा को लेकर चल रहे मौजूदा तनाव पर मध्यस्थता करने के लिए तैयार हैं. उनका यह भी कहना था कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बात की है. हालांकि सरकारी सूत्रों ने इसे खारिज किया था. चीन ने भी उनका अनुरोध ठुकरा दिया था. उसका कहना था कि दोनों पड़ोसी इस विवाद को बातचीत के जरिये सुलझाने में सक्षम हैं. उसका यह भी कहना था कि सीमा पर हालात अब स्थिर हैं. इसके बाद बीते सोमवार को अमेरिका का बयान आया था कि वह भारत के खिलाफ चीन के आक्रामक रवैय्ये को लेकर काफी चिंतित है.