पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ सीमा को लेकर ताजा विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अचानक लेह पहुंचे. उनके साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बिपिन रावत और सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे भी थे. खबरों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां मौजूदा हालात का जायजा लिया.
पहले यह खबर आई थी कि सीडीएस विपिन रावत लेह पहुंच रहे हैं और वहां पहुंचकर वे हालात के मद्देजनर तीनों सेनाओं की तैयारी का जायजा लेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लद्दाख आने का पता तभी चला जब वे लेह में विमान से उतरे. माना जा रहा है कि उनके इस दौरे से सुरक्षा बलों का उत्साह बढ़ेगा. प्रधानमंत्री की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों से टकराव में घायल भारतीय सैनिकों से भी मिलने की योजना है.
भारत और चीन के बीच इस इलाके में मई से जारी तनाव 15 जून को तब चरम पर पहुंच गया था जब दोनों तरफ के सैनिकों के बीच गलवान घाटी इलाके में हिंसक टकराव हो गया था. इस दौरान 20 भारतीय सैनिकों की मौत हो गई थी. इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है. भारत चाहता है कि चीनी सैनिक पैंगॉन्ग झील के किनारे और गलवान घाटी के जिन इलाकों में घुस आए हैं वहां से वे पीछे हट जाएं. हालांकि चीन बार-बार इन इलाकों को अपना बता रहा है. खबरों के मुताबिक इस मुद्दे पर बातचीत अभी लंबी खिंचने के आसार हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें